Notification Icon
Hindi Newsमध्य प्रदेश न्यूज़shivling covered with bricks in gwalior temple two held

शिवलिंग को ईंट-सीमेंट से चुनवा दिया, पकड़ी गई महिला ने क्या बताई वजह

मध्य प्रदेश के ग्वालियर में तीन महिलाओं ने एक मंदिर में शिवलिंग को ईंट और सीमेंट से चुनवा दिया। हंगामे के बाद पुलिस ने आरोपी महिलाओं के खिलाफ केस दर्ज कर लिया। आरोपी महिला बोली भगवान ने दिया था सपना।

Sudhir Jha लाइव हिन्दुस्तान, ग्वालियरMon, 5 Aug 2024 05:07 AM
share Share

मध्य प्रदेश के ग्वालियर में तीन महिलाओं ने एक मंदिर में शिवलिंग को ईंट और सीमेंट से चुनवा दिया। हंगामे के बाद पुलिस ने आरोपी महिलाओं के खिलाफ केस दर्ज कर लिया। दो को गिरफ्तार कर लिया गया है। एक आरोपी महिला की दलील है कि भगवान भोलेनाथ ने उसे सपना दिया था और कहा था कि शिवलिंग का आकार बड़ा होने वाला है इसलिए इसे ढंक दिया जाए। इसलिए उसने ईंट और सीमेंट के सहारे ऐसा किया।  

शहर के विश्वविद्यालय थानाक्षेत्र स्थित सिटी सेंटर में राजीव आवास योजना की मल्टी के पास उस समय हंगामा खड़ा हो गया, जब स्थानीय लोग पूजा-अर्चना करने के लिए मंदिर पहुंचे। स्थानीय लोगों ने देखा कि शिवलिंग को किसी ने ईंट और सीमेंट से चुनवा दिया है। इसको लेकर तनाव फैल गया। सूचना मिलते ही विश्वविद्यालय थाना पुलिस मौके पर पहुंच गई। 

जांच-पड़ताल में पता चला कि राजीव आवास में रहने वाली एक 45 वर्षीय महिला कृष्णा और दो अन्य महिलाओं ने ऐसा किया है। इसके बाद पुलिस जब महिलाओं के घर पहुंची तो दो महिलाएं पुलिस को मिली गईं। पुलिस ने लोगों की आस्था को ठेस पहुंचाने पर तीनों महिलाओं पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

पकड़ी गई एक महिला कृष्णा देवी ने स्वीकार किया है कि उसने शिवलिंग को ईंट और सीमेंट से चुनवा दिया। महिला ने कहा कि अंदर शिवलिंग बड़ा हो रहा है। जब पुलिस ने पूछा कि ऐसा कैसे होगा तो आरोपी महिला ने बताया कि उसे रात को शिवजी ने सपना दिया था। सपने में कहा था कि मेरी पिंडी को बड़ा करना है। इसके लिए उसे ढंक दिया जाए।  पुलिस को स्थानीय लोगों ने बताया कि यह तीनों महिलाओं का मानसिक संतुलन ठीक नहीं लग रहा है। यह मंदिर में आने जाने से भी लोगों को रोकती थीं। पुलिस ने दो महिलाओं को पकड़ा है। साथ ही मंदिर में शिवलिंग से ईंट, सीमेंट हटा दी गई है।

रिपोर्ट- अमित गौर

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।

अगला लेखऐप पर पढ़ें