MP में मूक-बधिर 11 साल की लड़की से रेप; वेंटिलेटर पर तोड़ा दम, जंगल में मिली थी लहूलुहान
मध्य प्रदेश के राजगढ़ जिले में एक दुष्कर्म पीड़िता नाबालिग लड़की की मौत हो गई। उसे जंगल में गंभीर रूप से घायल हालत में पाया गया था। एक हफ्ते पहले अज्ञात आरोपी ने उसे दुष्कर्म का शिकार बनाया था।

मध्य प्रदेश के राजगढ़ जिले में एक नाबालिग लड़की के साथ हैवानियत की वारदात सामने आई है। एक हफ्ते पहले अज्ञात आरोपी की दुष्कर्म का शिकार मूक-बधिर नाबालिग लड़की ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। पुलिस ने बताया कि नरसिंहगढ़ कस्बे में रहने वाली 11 साल की नाबालिग लड़की एक फरवरी को लापता हो गई थी। वह अगले दिन जंगल में गंभीर रूप से घायल हालत में मिली थी।
बताया जाता है कि पहली फरवरी को अज्ञात आरोपी देर रात झोपड़ी में दादी और चाचा के बीच सो रही मूक-बधिर और मानसिक रूप से विक्षिप्त इस पीड़िता को जंगल में ले गया था। आरोपी ने बच्ची के साथ हैवानियत की। बच्ची को अपने पास नहीं पाकर परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की। बाद में उसे रेस्ट हाउस के पास जंगल में लहूलुहान हालत में पाया गया था।
नरसिंहगढ़ के अनुविभागीय अधिकारी पुलिस (एसडीओपी) उपेंद्र भाटी ने बताया कि अत्यधिक खून गिर जाने के कारण पीड़िता की हालत बेहद नाजुक हो गई थी। पीड़िता को पहले नरसिंहगढ़ अस्पताल ले जाया गया जहां से उसे दो फरवरी को भोपाल के हमीदिया अस्पताल रिफर कर दिया गया था। बताया जाता है कि हमीदिया अस्पताल में बच्ची की दो सर्जरी की गईं। पीड़िता को वेंटिलेटर पर रखा गया था, लेकिन उसे बचाया नहीं जा सका।
उसे शुक्रवार रात को 10 बजे डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। एसडीओपी उपेंद्र भाटी ने बताया कि पुलिस ने पीड़िता से बात करने के लिए सांकेतिक भाषा के विशेषज्ञों को बुलाया था ताकि आरोपी की पहचान की जा सके लेकिन गंभीर अंदरूनी चोटों के कारण पीड़िता बेहोश थी। भाटी ने बताया कि पुलिस सुराग तलाश रही है ताकि आरोपी तक पहुंचा जा सके। शनिवार दोपहर को नरसिंहगढ़ में पीड़िता का अंतिम संस्कार किया गया।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।