पत्नी के चरित्र पर था शक, कहासुनी के बाद आंख पर वार; प्राइवेट पार्ट पर भी बेरहमी से हमला
मध्य प्रदेश के शिवपुरी जिले के पोहरी कस्बे की भगवती कॉलोनी में बुधवार रात एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। पति ने पत्नी पर चाकू से हमला कर उसकी दोनों आंखें फोड़ने की कोशिश की और शरीर के अन्य हिस्सों, यहां तक कि प्राइवेट पार्ट पर भी वार किए।

मध्य प्रदेश के शिवपुरी जिले के पोहरी कस्बे की भगवती कॉलोनी में बुधवार रात एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। पति ने पत्नी पर चाकू से हमला कर उसकी दोनों आंखें फोड़ने की कोशिश की और शरीर के अन्य हिस्सों, यहां तक कि प्राइवेट पार्ट पर भी वार किए। गंभीर रूप से घायल महिला को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जबकि आरोपी पति वारदात के बाद फरार हो गया। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।
चरित्र पर करता था शक
भगवती कॉलोनी निवासी 24 वर्षीय शहनाज खान की शादी तीन साल पहले छोटू खान से हुई थी। शादी के बाद से ही दोनों के बीच अक्सर विवाद होता रहता था। बताया जा रहा है कि छोटू को पत्नी के चरित्र पर शक था। बुधवार रात को उसने शहनाज से उसका मोबाइल मांगा, इसी बात पर दोनों के बीच कहासुनी हो गई। गुस्से में आकर छोटू ने चाकू से शहनाज की आंखें फोड़ने की कोशिश की और प्राइवेट पार्ट सहित शरीर के अन्य हिस्सों पर भी बेरहमी से वार किए।
धारदार हथियार से किया वार
बता दें कि आरोपी ने अपनी पत्नी के पेट, गर्दन और हाथ की नस नहीं काटी बल्कि उसे तड़पाने की कोशिश की। जिससे उसकी जान बच गई। डॉ. संजय राठौर ने बताया कि महिला की आंखों, प्राइवेट पार्ट सहित शरीर के अन्य हिस्सों पर धारदार हथियार के वार किए जाने के निशान हैं। महिला की आंख सुरक्षित है लेकिन पलकों पर टांके लगाने पड़ेंगे।
आरोपी फरार
पड़ोसियों ने इस घटना की सूचना महिला के मायके वालों को दी। जिसके बाद महिला को लहूलुहान हालत में जिला अस्पताल ले जाया गया। साथ ही पुलिस को भी जानकारी दी गई। टीआई रजनी सिंह चौहान का कहना है कि घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस टीम अस्पताल पहुंची। घायल और परिजनों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं। आरोपी घटना के बाद से फरार है। जल्द ही उसे गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।