भोपाल में प्रदर्शन के दौरान टूट कर गिर गया कांग्रेस का मंच, 5 महिलाओं सहित कई नेता घायल
कांग्रेस पार्टी के कम से कम सात नेता सोमवार को उस समय घायल हो गए जब भोपाल में मंच ही टूटकर गिर गया। घटना के दौरान कांग्रेस नेता रंगमहल चौराहे के पास रैली को संबोधित कर रहे थे।

मध्य प्रदेश विधानसभा के बजट सत्र के पहले दिन सोमवार को भोपाल में कांग्रेस की ओर से आयोजित एक विरोध-प्रदर्शन में मंच टूट कर गिरने से एक दर्जन से अधिक लोग घायल हो गए। कांग्रेस विधायक जयवर्धन सिंह ने बताया कि यह घटना उस समय हुई, जब नेता भाजपा सरकार की विफलताओं और कथित किसान विरोधी नीतियों के खिलाफ विधानसभा परिसर तक मार्च निकालने से पहले रंगमहल चौराहे के पास जनसभा को संबोधित कर रहे थे।
कांग्रेस की मध्य प्रदेश इकाई के प्रवक्ता और पार्टी के मीडिया विभाग के सह-समन्वयक अभिनव बरोलिया ने बताया कि घायलों में पांच महिलाएं शामिल हैं। तीन से चार घायलों को गंभीर चोटें आई हैं। घायलों में मध्य प्रदेश किसान कांग्रेस के अध्यक्ष धर्मेंद्र सिंह चौहान, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी के राजनीतिक सलाहकार राजीव सिंह, वरिष्ठ नेता मानक अग्रवाल, प्रदेश इकाई की महासचिव रोशनी यादव और मध्य प्रदेश कांग्रेस महिला सेवा दल की प्रमुख राजकुमारी रघुवंशी शामिल हैं।
अभिनव बरोलिया ने कहा- मैं घायलों की सटीक संख्या नहीं बता सकता, क्योंकि वे सभी अलग-अलग अस्पतालों में भर्ती हैं। तीन से चार लोगों को गंभीर चोटें आई हैं। मंच पर बड़ी संख्या में लोगों के जमा होने के कारण यह टूटकर गिर गया। कांग्रेस विभिन्न पहलुओं पर विचार कर रही है। टीटी नगर के सहायक पुलिस आयुक्त चंद्र शेखर पांडे ने कहा कि कांग्रेस ही घायलों की सही संख्या बता पाएगी।
सहायक पुलिस आयुक्त चंद्र शेखर पांडे ने कहा कि कांग्रेस नेता पुलिस के साथ झड़प या लाठीचार्ज में घायल नहीं हुए इसलिए मैं यह नहीं बता पाऊंगा कि कितने लोग घायल हुए हैं। मंच भी कांग्रेस ने ही बनवाया था। बता दें कि विधानसभा परिसर में कांग्रेस के मार्च को पुलिस ने बीच में ही रोक दिया और पानी की बौछारें कीं। भोपाल जोन एक की अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त रश्मि अग्रवाल दुबे ने कहा कि हमने प्रदर्शनकारियों को विधानसभा तक मार्च करने से रोकने के लिए बैरिकेड लगाए थे।
घायल पार्टी पदाधिकारियों से मिलने अस्पताल पहुंचे मध्य प्रदेश कांग्रेस प्रमुख जीतू पटवारी ने कहा कि मोहन यादव सरकार के खिलाफ विरोध-प्रदर्शन तब तक जारी रहेगा, जब तक किसानों को उनकी उपज का उचित मूल्य नहीं मिल जाता। विपक्ष के नेता उमंग सिंघार ने कहा कि किसानों को राहत मिलने तक 'सड़क से सदन' तक विरोध-प्रदर्शन जारी रहेगा।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।