Hindi Newsलोकसभा चुनाव 2019 न्यूज़MP speaks in Delhi Will win Delhi Assembly too

सांसद बोले- विधानसभा में भी जीतेंगे दिल्ली का दिल

लोकसभा चुनावों में दिल्ली की सातों सीटें जीतने के बाद दिल्ली भाजपा की नजर अब दिल्ली की 70 विधानसभा सीटों पर है। दिल्ली भाजपा के पांच सांसदों ने शनिवार को प्रदेश कार्यालय में दिल्ली विधानसभा की तैयारी...

वरिष्ठ संवाददाता नई दिल्लीSun, 26 May 2019 11:56 AM
share Share
Follow Us on
सांसद बोले- विधानसभा में भी जीतेंगे दिल्ली का दिल

लोकसभा चुनावों में दिल्ली की सातों सीटें जीतने के बाद दिल्ली भाजपा की नजर अब दिल्ली की 70 विधानसभा सीटों पर है। दिल्ली भाजपा के पांच सांसदों ने शनिवार को प्रदेश कार्यालय में दिल्ली विधानसभा की तैयारी का बिगुल बजा दिया।

प्रदेश भाजपा कार्यालय में शनिवार को आयोजित कार्यक्रम में पांच नवनिर्वाचित सांसद और केंद्रीय मंत्री विजय गोयल मौजूद रहे। हालांकि, दो सांसद रमेश बिधूड़ी और मीनाक्षी लेखी कार्यक्रम में नहीं पहुंचे। इस दौरान सभी सांसदों ने एक स्वर में संकल्प लिया कि केंद्र, नगर निगम और दिल्ली विधानसभा में भाजपा की सरकार होनी चाहिए। 

दिल्ली प्रदेश अध्यक्ष व उत्तरी-पूर्वी दिल्ली के सांसद मनोज तिवारी ने कहा कि दिल्ली में आम आदमी पार्टी और कांग्रेस ने भ्रम फैलाने की पूरी कोशिश की। हर जगह फोन के माध्यम से, समाचार पत्रों में विज्ञापन के माध्यम से, सभी लोकसभा क्षेत्रों में पर्चें बांटकर झूठ फैलाया गया। दिल्ली भाजपा के लिए चुनाव समाप्त नहीं हुए हैं। छह महीने बाद दिल्ली के लोगों की आशाओं व आकांक्षाओं को पूरा करने के लिए और दिल्ली को दिल्ली बनाने के लिए हम काम शुरू कर रहे हैं। लोकसभा चुनाव में हम दिल्ली की 65 विधानसभा सीटें जीत चुके है जिसे अगामी छह महीने बाद दोहराते हुए हम दिल्ली विधानसभा में भी दिल्ली का दिल जीतेंगे।

केंद्रीय मंत्री व चांदनी चौक के सांसद डॉ. हर्षवर्धन ने कहा कि आम आदमी पार्टी ने छह से नौ महीने पहले अपने उम्मीदवारों की घोषणा कर प्रचार शुरू कर दिया था। लेकिन, फिर भी दिल्ली की जनता ने आम आदमी पार्टी के झूठ को नकारते हुए उनके खिलाफ मतदान कर कई सीटों पर उनकी जमानत जब्त करवाई है। 

पश्चिमी दिल्ली के सांसद प्रवेश वर्मा ने कहा कि अब दिल्ली में हमें अगले छह महीने काम करना है। हमें लोगों को बताना है कि जब दिल्ली में एक ही पार्टी की तीनों सरकारें होंगी तो दिल्ली के सभी काम आसानी से हो जाएंगे और दिल्ली वास्तव में नंबर 1  बन जाएगी। वर्मा ने कहा कि आम आदमी पार्टी हर साल 526 करोड़ रुपये झूठे विज्ञापनों पर खर्च करती है। इसकी सच्चाई भी दिल्ली के लोगों को बताना हम सभी कार्यकर्ताओं का काम है।

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।

अगला लेखऐप पर पढ़ें