केजरीवाल आज हार की समीक्षा के लिए कार्यकर्ताओं से करेंगे संवाद
लोकसभा चुनावों में दिल्ली की सातों सीटों पर करारी हार के बाद आम आदमी पार्टी रविवार को हार के कारणों की समीक्षा करेगी। पंजाबी बाग क्लब में मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल समेत पार्टी के तमाम बड़े...
लोकसभा चुनावों में दिल्ली की सातों सीटों पर करारी हार के बाद आम आदमी पार्टी रविवार को हार के कारणों की समीक्षा करेगी। पंजाबी बाग क्लब में मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल समेत पार्टी के तमाम बड़े पदाधिकारी और सरकार में मंत्री इस दौरान वहां मौजूद रहेंगे। केजरीवाल इस दौरान कार्यकर्ताओं से संवाद करेंगे।
माना जा रहा है कि दिल्ली में आम आदमी पार्टी के संगठन में बड़े बदलाव किए जा सकते हैं। दिल्ली में आम आदमी पार्टी लोकसभा की सभी सीटें हार गई है। इसके साथ ही विधानसभा के अनुसार भी दिल्ली की एक भी सीट पर आम आदमी पार्टी को बढ़त नहीं मिली है। लोकसभा चुनावों के नतीजों के बाद से दिल्ली में ‘आप’ कार्यकर्ताओं में निराशा का माहौल है। इसीलिए खुद मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल दिल्ली के कार्यकर्ताओं से मुलाकात करेंगे।
दिल्ली में पार्टी के स्तर पर कई बदलाव को लेकर चर्चा लंबे समय से चल रही है। कई विधायक भी आम आदमी पार्टी से नाराज चल रहे हैं। बीते दिनों दो विधायक आम आदमी पार्टी का दामन छोड़कर भाजपा में शामिल हो गए थे। नतीजों के बाद से पार्टी के संयोजक अरविंद केजरीवाल ने चुप्पी साधी हुई है। माना जा रहा है कि इस संवाद कार्यक्रम के माध्यम से केजरीवाल फिर से अपने कार्यकर्ताओं का विश्वास पाने की कोशिश करेंगे।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।