पत्नी भूलकर भी अपने पति के साथ ना करें ऐसा बर्ताव, प्यार तो छोड़ो फूटी आंख देखना भी नहीं करेंगे पसंद
पति-पत्नी का रिश्ता सम्मान और विश्वास की नाजुक डोर के सहारे टिका होता है। जब पत्नियां अपने पति को यही सम्मान नहीं देती तो रिश्ते में प्यार भी खत्म होना लगता है और तो और कई बार रिश्ता टूटने की कगार पर भी पहुंच जाता है।

पति-पत्नी का रिश्ता दुनिया का सबसे खूबसूरत, अनोखा और खास रिश्ता होता है। ये दुनिया का इकलौता ऐसा रिश्ता है जिसमें दो अनजाने लोग, एक-दूसरे का हर सुख-दुख में साथ निभाते हुए, जीवन भर साथ चलने की कसमें खाते हैं। प्यार, समर्पण और विश्वास से भरे इस रिश्ते में एक दूसरे के प्रति सम्मान होना बहुत जरूरी है। सम्मान की कमी होने पर, इस रिश्ते की खूबसूरती खोने लगती है और कभी-कभी तो यह रिश्ता टूटने की कगार तक पहुंच जाता है। कई बार जाने-अनजाने में कुछ ऐसी गलतियां हो जाती है, जिससे आपके पार्टनर के सम्मान को ठेस पहुंच सकती है। ये गलतियां पति और पत्नी दोनों से हो सकती हैं लेकिन फिलहाल हम सिर्फ पत्नियों की बात करेंगे। तो चलिए जानते हैं पत्नियों को अपने रिश्ते का मान-सम्मान बनाए रखने के लिए कौन से बिहेवियर को अवॉइड करना चाहिए।
हमेशा तेज आवाज में बात करना
पति-पत्नी के रिश्ते में छोटी-मोटी नोंक-झोंक होना सामान्य बात है। लेकिन इस नोंक-झोंक में एक दूसरे का सम्मान बनाए रखना भी जरूरी है। अगर पति से किसी बात पर थोड़ा मन-मुटाव हो भी जाता है, तब भी पत्नी को अपना आपा नहीं खोना चाहिए। लड़ाई-झगड़े में ना तो पत्नी को पति के प्रति अपशब्दों का प्रयोग करना चाहिए और ना ही तेज आवाज में पति से लड़ाई करनी चाहिए। पुरुष हमेशा सौम्य स्वभाव वाली महिलाओं के प्रति आकर्षित होते हैं, ऐसे में अगर पत्नी कर्कश व्यवहार करती है तो पति उससे दूरियां बनाने लगते हैं।
पति के परिवार का ना करें अपमान
किसी भी व्यक्ति के लिए उसके मां-बाप और परिवार सर्वोपरि होते हैं। पत्नियां अगर अपने पति का प्यार और सम्मान पाना चाहती हैं, तो इसके लिए उन्हें अपने पति के साथ- साथ उसके परिवार का भी सम्मान करना चाहिए। भूलकर भी पत्नी को अपने पति के सामने उसके मां-बाप की बुराई नहीं करनी चाहिए, और ना ही कभी उनका अपमान करना चाहिए। अन्यथा पति-पत्नी के रिश्ते में धीरे-धीरे खटास आने लगती है।
पैसे के लिए ना दें उलाहना
किसी भी पति का हमेशा ये प्रयास रहता है कि उसकी पत्नी, परिवार या बच्चों को कभी किसी चीज की कमी ना हो। और इसके लिए ही वो दिन-रात कड़ी मेहनत करते हैं। ऐसे में पत्नी की भी ये जिम्मेदारी बनती है कि पति की जो भी कमाई हो उसमें वो संतुष्ट रहे और उसी कमाई में घर के खर्चों को सीमित करें। पत्नी को भूलकर भी कभी पैसे के लिए पति को ताना नहीं मारना चाहिए।
मायके में ना करें पति की बुराई
पति-पत्नी के बीच में मन-मुटाव होना या थोड़ी बहुत नोंक-झोंक होना नॉर्मल है। कई बार दोनों को एक दूसरे से कुछ शिकायत भी हो सकती है, लेकिन इन शिकायतों को आपस में ही सुलझाने का प्रयास करें। कई बार पत्नियां, पति से शिकायत होने पर अपने माता-पिता या भाई-बहन से पति की शिकायत करने लगती हैं, जो बहुत ही गलत है। पति-पत्नी के बीच की बातों में कभी भी किसी तीसरे को इंवॉल्व नहीं करना चाहिए। इससे रिश्ते में सिर्फ दूरियां ही बढ़ती हैं।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।