‘पनौती’ लोगों में होती हैं ये 5 आदतें, आसपास बैठना तक भी पसंद नहीं करते लोग
- कुछ लोगों की नेगेटिव सोच ही उन्हें समाज में 'पनौती' का टैग दिलवाती है। ये कोई अंधविश्वास से जुड़ा हुआ मामला बिल्कुल नहीं है। यहां ऐसे लोगों की ही कुछ आदतों का जिक्र किया गया है।

कभी ना कभी आप भी कुछ ऐसे लोगों से तो जरूर मिले होंगे जिनके आने से हर काम बिगड़ जाता है। आम बोलचाल की भाषा में ऐसे लोगों को 'पनौती' कहते हैं। ऐसे लोग अच्छे भले माहौल का सत्यानाश कर देते हैं। खासतौर से अगर कोई नया काम करने जा रहे हों और ये लोग आसपास दिख जाएं, तो समझो काम तो गया। दरअसल यह कोई अंधविश्वास का नहीं बल्कि माइंडसेट से जुड़ा मामला है। कुछ लोगों की सोच ही इतनी नेगेटिव होती है कि वो ना खुद जीवन में कुछ अच्छा कर पाते हैं और ना ही अपने आसपास किसी को करने देते हैं। इनकी सोच के चलते ही इनके आसपास एक नेगेटिविटी का माहौल बन जाता है। इन लोगों में कुछ आदतें बड़ी कॉमन होती हैं, जो इन्हें समाज में 'पनौती' का टैग दिलवाती हैं। आइए आज इन्हीं आदतों के बारे में जानते हैं।
हमेशा रखते हैं नेगेटिव सोच
'पनौती' का टैग मिले लोगों में सबसे कॉमन आदत यही होती है कि उनकी सोच और उनका नजरिया बहुत ही ज्यादा नेगेटिव होता है। ऐसे में जब ये भी कोई काम करने जाते हैं तो उसके बारे में पहले ही इतना नेगेटिव सोच लेते हैं कि वो काम आखिर में बिगड़ ही जाता है। इसका असर सिर्फ इनकी लाइफ पर ही नहीं पड़ता बल्कि ये अपने आसपास रह रहे लोगों के जीवन में भी ये इतनी नेगेटिविटी ले आते हैं कि उनके काम भी खराब होने लगते हैं। इसी वजह से लोग इनसे हमेशा दूरी बनाने के बहाने ही ढूंढने रहते हैं।
लोगों से करते हैं बुरा व्यवहार
कुछ लोगों का व्यवहार भी उन्हें समाज में पनौती का टैग दिला देता है। दरअसल ये लोग अक्सर अपनी ही दुनिया में खोए रहते हैं और इन्हें अपने आसपास के लोगों से ठीक तरह बिहेव करना भी नहीं आता। अपनी तारीफों के लंबे-लंबे कसीदे पढ़ने के अलावा इन्हें किसी दूसरे की बात सुनने में कोई इंटरेस्ट नहीं होता। लोगों से तमीज से कैसे पेश आते हैं, इन्हें वो भी नहीं आता। बस इसी के चलते लोग इन्हें अवॉइड करना पसंद करते हैं और इन्हें देखते ही मुंह बना लेते हैं।
होते हैं एक नंबर के आलसी और कामचोर
पनौती लोगों में आप अक्सर एक आदत और भी नोटिस करेंगे और वो है कि ये एक नंबर के आलसी और कामचोर होते हैं। हर काम में टालमटोल करने की आदत, चीजों को कमचलाऊ ढंग से करना और किसी भी नई चीज को सीखने और समझने में इंटरेस्ट ना लेना; इनकी खूबी होती है। इसके चलते ये खुद तो कभी जीवन में तो कुछ कर नहीं पाते, साथ ही अपने साथ वालों को भी ना करने की सलाह देते रहते हैं। ऐसे लोगों के इर्द-गिर्द रहना लोगों को नेगेटिविटी से भर देता है इसलिए इन्हें अवॉइड करने में ही लोग अपनी भलाई सोचते हैं।
हमेशा रहते हैं दुखी
सुख-दुख दोनों ही जीवन का एक अहम हिस्सा हैं और सभी के जीवन में अपने-अपने हिस्से का दुख तो आता ही है। लेकिन पनौती लोगों में स्पेशल टैलेंट होता है कि ये खुशी के मौके पर भी दुखी होने के बहाने ढूंढ लेते हैं। सब कुछ अच्छा भी चल रहा होता है तो इन्हें उसमें कोई ना कोई कमी या बुराई तो दिख ही जाती है। मुंह इनका हमेशा लटका रहता है और अपने आसपास किसी और को खुश देख लें तो उसका मूड सड़ाने की भी पूरी कोशिश में जुट जाते हैं। अब ऐसे लोगों को आप पनौती नहीं कहेंगे तो भला क्या कहेंगे।
हर चीज पर करते हैं शक
अब शक करना तो एक नॉर्मल ह्यूमन बिहेवियर है और इसमें कुछ गलत भी नहीं। लेकिन हर इंसान और हर सिचुएशन को ही शक की निगाह से देखना, ये तो सिर्फ पनौती लोगों का ही टैलेंट है। कितना भी कुछ हो जाए ये लोग किसी इंसान पर भरोसा करते ही नहीं, जिसके चलते लोग भी इनसे दूरी बनाना ही पसंद करते हैं। इसके अलावा किसी काम को करने से पहले ये हर प्लान और हर सिचुएशन पर ही सवाल उठाने में बिजी रहते हैं। यानी करना कुछ है नहीं लेकिन खड़े हो कर सिर्फ कमियां निकालनी है और लोगों के मन में सेल्फ डाउट डालना है। अब इन्हें भी तो पनौती का टैग देना ही पड़ेगा, है कि नहीं?
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।