Notification Icon
Hindi Newsलाइफस्टाइल न्यूज़रेसिपीRadha Ashtami special Bhog Dahi arbi recipe traditional braj style

Radha Ashtami Special: राधाष्टमी पर किशोरी जी को लगाएं उनकी मनपसंद दही अरबी का भोग, यहां देखें बरसाने की पारंपरिक रेसिपी

  • राधाष्टमी के दिन श्री राधा रानी के लिए अलग-अलग प्रकार के भोग बनाए जाते हैं। लेकिन राधा रानी को दही अरबी का भोग विशेष रूप से लगाया जाता है क्योंकि कहते हैं कि ये राधा रानी का मनपसंद भोग है। आज हम आपके लिए ब्रज की पारंपरिक दही अरबी की रेसिपी लेकर आए हैं जो आप बना सकते हैं।

Anmol Chauhan लाइव हिन्दुस्तानFri, 6 Sep 2024 09:00 AM
share Share

हिंदू पंचांग के अनुसार भाद्रपद मास के शुक्ल पक्ष की अष्टमी तिथि के दिन राधाष्टमी का पावन त्यौहार मनाया जाता है। पौराणिक मान्यताओं के अनुसार इस शुभ दिन पर ही श्रीमती राधा रानी ने पृथ्वीलोक पर अवतार लिया था। इस दिन सभी भक्त विशेष रूप से किशोरी जी की पूजा-अर्चना करते हैं और उन्हें अलग-अलग स्वादिष्ट व्यंजनों का भोग लगाते हैं। कहते हैं राधा रानी को दही अरबी की सब्जी बेहद पसंद है। ब्रज में तो राधा रानी के लिए विशेष रूप से इस सब्जी को बनाया जाता है। तो चलिए आज इसी जायकेदार दही अरबी की रेसिपी जानते हैं वो भी बिल्कुल ब्रज वाले अंदाज में।

दही अरबी बनाने के लिए होगी इन चीजों की जरूरत

लाडली लाल के बेहद ही मनपसंद दही अरबी की सब्जी को बनाने के लिए आपको बेहद ही काम चीजों की जरूरत होगी। इसके लिए आपको अरबी (200 ग्राम) , दही (लगभग एक चौथाई कप), दो टमाटर, अदरक, हरी मिर्च, देसी घी, जीरा, अजवाइन, बेसिक मसाले जैसे ( हल्दी, धनिया, नमक, लाल मिर्च) और गार्निशिंग के लिए फ्रेश हरा धनिया चाहिए होगा। तो चलिए अब इस जायकेदार भोग रेसिपी को बनाने का आसान तरीका जानते हैं।

ब्रज स्टाइल में बनाएं जायकेदार दही अरबी

वैसे तो आपने अरबी की सब्जी अलग -अलग ढंग से खाई होगी। लेकिन हमारी लाडली जी की मनपसंद दही अरबी जिसे ब्रज के अंदाज में बनाया जाता है, उसकी बात ही कुछ निराली है। इसे बनाने के लिए सबसे पहले अरबी को अच्छे से धो लें। अब अरबी के छिलकों को उतार कर अच्छे से साफ कर लें। इन्हें बारीक गोल टुकड़ों में काट लें, ताकि ये आसानी से पक जाएं। एक पैन में देसी घी गर्म कर लें। अब अरबी के टुकड़ों को देसी घी में तल लें। तब तक तलें जब तक अरबी लगभग 90 परसेंट तक कुक ना हो जाए। जैसे ही अरबी के टुकड़े सुनहरे रंग के हो जाएं, इन्हें निकाल लें।

अब एक पैन में लगभग दो चम्मच देसी घी गर्म करें। इसमें आधा चम्मच जीरा, अजवाइन और दो चुटकी हींग डाल लें। इसके बाद बारीक कटी हुई हरी मिर्च और कद्दूकस किया हुआ अदरक इसमें एड करें। अब थोड़ी देर के लिए मीडियम फ्लेम पर इन सभी चीजों को भून लें। जिससे अदरक का कच्चापन निकल जाए और हरी मिर्च भी थोड़ी पक जाए। अब इसके बाद टमाटर की प्यूरी ( पीसे हुए टमाटर) इसमें एड करें। इन सभी को अच्छे से चलाते हुए थोड़ी देर पकने दें। थोड़ी देर पकने के बाद इसमें बेसिक मसाले जैसे धनिया, लाल मिर्च, हल्दी और नमक अपने स्वादानुसार मिला लें।

इसके बाद बारी आती है इन मसालों के अच्छे से पकने की। लो फ्लेम पर इस पूरे पेस्ट को तब तक भूनतें रहें जब तक घी अलग ना हो जाए। घी के अलग होते ही गैस को बंद कर दें। अब एक कटोरी में दही और पानी को बराबर मात्रा में मिक्स कर के एक घोल बना लें। इस घोल को अपने भूने हुए मसालों में एड कर लें। अच्छे से चलाते हुए इन सभी चीजों को आपस में मिक्स कर लें। ध्यान रहे इसे लगातार चलाते रहें ताकि दही मसालों में मिक्स हो कर फटे ना। जब ये सब चीजें आपस में अच्छे से मिक्स हो जाएं तब दोबारा गैस को ऑन कर लें और चलाते हुए पकाएं। इस ट्रिक से आपकी दही बिना फटे मिक्स हो जाएगी।

अपनी ग्रेवी को चलाते हुए तब तक पकाते रहें जब तक इसमें एक बार उबाल ना आ जाए। अगर आपकी ग्रेवी काफी ज्यादा गाढ़ी है तो आप थोड़ा सा पानी भी मिला सकती हैं। अब इसमें अपनी फ्राई की हुई अरबी मिला लें। थोड़ी देर चलाते हुए किसी ढक्कन से कवर कर के कुछ देर के लिए उसे पकने छोड़ दें। इससे दही और मसालों का सारा फ्लेवर अरबी में आ जाएगा। लो फ्लेम पर लगभग सात से आठ मिनट इसे यूं ही पकने दें। तो लीजिए आपकी दही अरबी का भोग तैयार है। अब बारीक कटे हरे धनिए से इसकी गार्निशिंग करें और राधा रानी को भोग लगाएं।

( Image Credit: Instagram)

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।

अगला लेखऐप पर पढ़ें