सहजन का सूप बनाना है बेहद आसान, घर पर ऐसे बनाकर पाएं सेहत के कई फायदे
- सर्दी हों या गर्मी सूप पीना सेहत और पेट दोनों के लिए अच्छा होता है। यहां हम आपको सहजन यानी सुपरफूड मोरिंगा का सूप बनाने की विधि बताएंगे। यह हेल्थ के लिए तो अच्छा होता ही है, इसका स्वाद भी टेस्टी होता है।

मोरिंगा यानी सहजन के हेल्थ बेनिफिट्स के बारे में आपने कई बार पढ़ा और सुना होगा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भी इसके फैन हैं। इसे सुपरफूड माना जाता है। कई लोग इसके फायदे तो लेना चाहते हैं लेकिन इसे डायट में कैसे शामिल किया जाए, यह सवाल परेशान करता है। मोरिंगा को आप कई तरह से खा सकते हैं। गर्मियों में इसका स्वादिष्ट सूप भी बनाकर पिया जा सकता है। इसे बनाना बहुत आसान है। यहां सीखें विधि।
सामग्री
सहजन
धनिया
टमाटर
प्याज
अदरक
लहसुन
नमक
काली मिर्च
हरा धनिया
घी
जीरा
विधि
सहजन का सूप बनाने के कई तरीके हैं। यहां आप गर्मियों में जीरे के तड़के वाला आसान सा सूप बना सकते हैं। इसके लिए सहजन को अच्छी तरह धो लें। इसके बाद इसको छीलकर रेशे निकाल दें। अब टुकड़ों में काटकर कुकर में डालें। इसमें कटा टमाटर, प्याज, कुछ लहसुन, अदरक के टुकड़े, नमक और थोड़ा सा हरा धनिया डालें। थोड़ा सा पानी मिलाकर सीटी लगा लें। सीटी लग जाने के बाद उबली सब्जियों को ठंडा होने के बाद मिक्सर में पीस लें। अब जो पल्प तैयार होगा उसे कपड़े या छन्नी से छान लें। अब इसमें थोड़ा सा पानी मिलाएं और गैस पर उबलने रख दें। इस सूप में उबाल आने के बाद आप काली मिर्च, नींबू और धनिया डालकर पी सकते हैं। अगर तड़का लगाना है तो घी में जीरा चटकाकर ऊपर से डाल दें। आपका मोरिंगा का सूप तैयार है।
नोट: 2 लोगों के लिए सहजन का सूप बनाने के लिए 5 ड्रमस्टिक पर्याप्त हैं।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।