Notification Icon
Hindi Newsलाइफस्टाइल न्यूज़रेसिपीAmritsari Paneer Bhurji Shahi Paneer Bhurji and Mumbaiya Paneer Bhurji Recipe in Hindi

बरसात के मौसम में कुछ चटपटा खाने का करे मन तो बनाएं पनीर भुर्जी, ट्राई करें ये 3 रेसिपी

  • पनीर इस सदी की सबसे लोकप्रिय खाद्य सामग्री है। अगर आप भी सोच रही हैं कि पनीर से क्या नया बनाया जाए, तो हाजिर है इस बरसाती मौसम में कुछ तीखी और मजेदार रेसिपी। लेकर आई हैं जयंती रंगनाथन-

Avantika Jain लाइव हिन्दुस्तान, नई दिल्लीSat, 24 Aug 2024 02:57 AM
share Share

पनीर सेहत के लिए काफी ज्यादा फायदेमंद होता है। एक्सपर्ट इसे रोजाना खाने की सलाह देते हैं। बारिश के मौसम मेंं भी लोग इसकी चटपटी रेसिपीज को ट्राई करते हैं। अगर आप भी कुछ चटपटा खाना चाहते हैं पनीर भुर्जी बना सकते हैं। यहां पनीर भुर्जी बनाने की 3 अलग-अलग रेसिपी हैं जिन्हें आप भी ट्राई कर सकते हैं। देखिए-

अमृतसरी पनीर भुर्जी

सामग्री: 

• पनीर: 200 ग्राम 

• भुना बेसन: 1 छोटा कप 

• दही: 1 छोटा कप 

• प्याज: 2 

• टमाटर: 1 

• लहसुन और अदरक पेस्ट: 2 चम्मच 

• हल्दी पाउडर: 1 चम्मच 

• लाल मिर्च पाउडर: 1 चम्मच 

• हरी मिर्च:1 

• धनिया पाउडर: 1 चम्मच 

• कसूरी मेथी: 1 चम्मच 

• गरम मसाला: 1 चम्मच 

• दूध: 2 चम्मच 

• जीरा: 1/2 चम्मच 

• तेल: आवश्यकतानुसार 

• कश्मीरी लाल मिर्च: 1 चम्मच 

• नमक: स्वादानुसार 

• बारीक कटी धनिया पत्ती: 2 चम्मच

विधि: एक कटोरी में भुना बेसन और दही डालकर अच्छी तरह मिला लें। उसी मिश्रण में हल्दी, धनिया पाउडर, गरम मसाला और कसूरी मेथी मिला कर अलग रख लीजिए। एक पैन में तीन चम्मच तेल डाल कर अच्छी तरह गर्म कीजिए। उसमें कश्मीरी लाल मिर्च का तड़का दीजिए। उस तड़के को बेसन और दही वाले मिश्रण में डाल कर अच्छी तरह मिला लीजिए। उसी पैन में 3 चम्मच तेल डालिए। जीरे का तड़का देने के बाद उसमें कटा प्याज डालिए। प्याज सुनहरा होने के बाद उसमें लहसुन-अदरक का पेस्ट डाल कर चलाइए। मसाला जब तेल छोड़ने लगे तो उसमें बड़े कटे टमाटर और नमक मिला कर दो से तीन मिनट चलाइए। अब इसमें बेसन-दही का मिश्रण डाल कर अच्छी तरह पकाइए। जब मसाला भुन जाए तो उसमें भुरभुरा किया पनीर डाल कर भूनिए। इसमें दूध मिला कर पांच मिनट के लिए ढक कर रखिए। भुर्जी को धनिए से गार्निश करके परांठा या कुलचा के साथ पेश कीजिए।

मुंबइया पनीर भुर्जी

सामग्री: 

• पनीर: 200 ग्राम 

• प्याज: 2 • टमाटर: 2 

• शिमला मिर्च: 1 

• हरी मिर्च: 3 

• लहसुन की कलियां: 8 

• काली मिर्च पाउडर: 1 चम्मच 

• लाल मिर्च पाउडर: 1 चम्मच 

• पाव भाजी मसाला: 2 चम्मच 

• बटर: 2 चम्मच 

• तेल: 2 चम्मच 

• बारीक कटी धनिया पत्ती: 4 चम्मच 

• नमक: स्वादानुसार

विधि: पनीर को हल्के हाथ से भुराभुरा करके एक तरफ रख लें। पैन में बटर और तेल मिलाएं। गर्म होने के बाद उसमें बारीक कटा प्याज डालें। अच्छी तरह सुनहरा होने तक भूनें। लहसुन की कलियों को कूच कर या छोटे टुकड़ों में काट कर मिलाएं। अच्छी तरह भूनने के बाद उसमें बारीक कटी हरी मिर्च और टमाटर मिलाएं। तेल छोड़ने तक सभी सामग्री को पकाएं। बारीक कटी शिमला मिर्च डाल कर ढक कर तीन से पांच मिनट तक पकाएं। इसमें नमक, काली मिर्च, लाल मिर्च और पाव भाजी मसाला डालें। दो मिनट बाद पनीर डाल कर भूनें। पनीर हल्का-सा रंग बदलने लगे तो गैस ऑफ करके धनिया अच्छी तरह मिलाएं। यह रेसिपी तीखी और चटपटी होती है। बटर र्से ंसके ब्रेड, पाव या रोटी के साथ लाजवाब लगती है।

शाही पनीर भुर्जी

सामग्री: 

• पनीर: 200 ग्राम 

• प्याज: 2 • टमाटर:1 

• बारीक कटा काजू: 2 चम्मच 

• बारीक कटी किशमिश: 2 चम्मच 

• बारीक कटा अखरोट: 2 चम्मच 

• खसखस: 2 चम्मच 

• तेल: 4 चम्मच • हल्दी: 1/2 चम्मच 

• धनिया पाउडर: 1/2 चम्मच 

• सौंफ पाउडर: 1/2 चम्मच 

• गरम मसाला पाउडर: 1/2 चम्मच 

• लाल मिर्च पाउडर: 1/2 चम्मच 

• नमक: स्वादानुसार 

• हरी मिर्च: 1 

• बारीक कटा अदरक: 1 चम्मच 

• कसूरी मेथी: 1/2 चम्मच

विधि: खसखस को दो चम्मच दूध में मिलाकर रख दें। पैन में तेल गर्म करें। बारीक कटा प्याज डालकर भून लें। बारीक कटा टमाटर डालें और तेल छोड़ने तक भूनें। इसमें हल्दी, धनिया पाउडर, नमक डालें। सभी कटे सूखे मेवे डाल कर अच्छी तरह भूनें। जब उनका रंग बदलने लगे तो उसमें दूध मिला खसखस डालें और नमी खत्म होने तक पकाएं। दो मिनट बाद कसूरी मेथी, सौंफ पाउडर और नमक मिलाएं। गैस बंद करने के बाद गरम मसाला डाल कर अच्छी तरह मिलाएं। धनिया और अदरक के लच्छे मिला कर गर्मागर्म सर्व करें।

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।

अगला लेखऐप पर पढ़ें