नारियल से बनी ये 3 डिशेज खा कर आ जाएगा मजा, स्वाद और सेहत से भरपूर हैं ये रेसिपी
नारियल का क्रीमी टेक्सचर किसी भी व्यजंन के स्वाद को बिल्कुल अनूठा बना देता है। समुद्री इलाकों के खानपान में नारियल का विशेष रूप से इस्तेमाल होता है। कुछ ऐसे ही व्यंजनों की रेसिपी बता रही हैं जयंती रंगनाथन

नारियल इंडियन क्यूजीन का बड़ा ही अहम हिस्सा है। खासतौर से अगर बात साउथ इंडियन खाने की करें तो लगभग हर दूसरी डिश में कहीं ना कहीं नारियल का इस्तेमाल किया ही जाता है। नारियल किसी भी डिश के स्वाद, टेक्चर और खुशबू को एकदम बढ़ा देता है। यही वजह है कि नारियल की चटनी ने लोगों की थाली में अपनी ऐसी जगह बना ली है कि अब ये महज साउथ इंडियन खाने के साथ ही नहीं बल्कि अलग-अलग डिशेज के साथ परोसी जाने लगी है। लेकिन अगर अभी तक आपको यही लगता है कि नारियल से सिर्फ चटनी ही बनाई जा सकती है तो आज हम आपको कुछ ऐसी डिशेज की रेसिपी बता रहे हैं, जिन्हें एक बार आपने ट्राई कर लिया तो हर बार बनाना चाहेंगी। तो चलिए जानते हैं नारियल से बनी कुछ ऐसी ही मजेदार रेसिपीज के बारे में।
श्रीलंकन मसूर दाल
सामग्री: • मसूर दाल: 1 कप • तेल: 2 चम्मच • लहसुन: 3 • सिरके वाला छोटा प्याज: 4 • काला बैंगन: 1 छोटा • अदरक: छोटा टुकड़ा • कोकोनट मिल्क: 1 कप • हल्दी पाउडर: 1/2 चम्मच • नमक: स्वादानुसार छौंक के लिए • तेल: 1 चम्मच • राई: 1/2 चम्मच • करी पत्ता: 4 • हींग: चुटकी भर • लहसुन: 3 • सिरके वाला छोटा प्याज: 3 • लाल मिर्च पाउडर: 1/2 चम्मच • सांबर पाउडर: 1/2 चम्मच
विधि: मसूर दाल को एक घंटे के लिए पानी में भिगो कर रखिए। पानी निथार कर अलग रख लीजिए। अब एक कुकर में दो चम्मच तेल डालें। तेल गर्म होने पर लहसुन की तीन कलियां, बारीक कटा अदरक और चार छोटे सिरके वाले प्याज को मोटा-मोटा काट कर डालें। इसमें बैंगन के कटे टुकड़े डालकर भूनें। रंग बदलने के बाद दाल मिलाकर चलाएं। हल्दी पाउडर और नमक मिलाएं। एक कप कोकोनट मिल्क मिलाकर उबाल आने के बाद तीन कप गुनगुना पानी डाल कर कुकर की सीटी लगा दें। तीन सीटी आने के बाद बंद कर दें। तड़के वाले पैन में दो चम्मच घी डालें। गर्म होने के बाद राई, हींग और करी पत्ते का छौंक लगाएं। इसमें 3 बारीक कटा लहसुन, 3 सिरके वाला बारीक कटा प्याज डालें। लाल मिर्च और सांबर पाउडर डाल कर गैस बंद कर दें। इस छौंक को दाल में मिलाएं। इस दाल को चावल या मैदे के परांठे के साथ परोसें।
कर्नाटक सारू
सामग्री: • काला चना: 1 कप • कद्दूकस किया नारियल: 1/2 कप • प्याज: 1 • हरी मिर्च: 3 • लहसुन : 3 कली • अदरक: छोटा टुकड़ा • धनिया पत्ती: 2 चम्मच • साबुत जीरा: 1/2 चम्मच • काली मिर्च: 4 • तेल: 4 चम्मच • हल्दी: 1/2 चम्मच • नमक: स्वादानुसार छौंक के लिए • राई: 1/2 चम्मच • हींग: चुटकी भर • करी पत्ता: 3 • नीबू का रस: स्वादानुसार
विधि: काले चने को छह घंटे के लिए भिगो कर निथार लें। एक मिक्सर में कद्दूकस किया नारियल डालें। इसमें हरी मिर्च, लहसुन, अदरक, थोड़ी धनिया पत्ती, जीरा, काली मिर्च डाल कर मिक्सर में बारीक पीस लें। कुकर को गैस पर रखें। तीन से चार चम्मच तेल डालें। इसमें राई, हींग और करी पत्ते का बघार दें। इसमें कटा प्याज मिला कर हल्का-सा चलाएं। हल्दी और नमक डालें। अब देसी चना मिलाएं। नारियल का पेस्ट मिला कर हल्का सा चलाएं। तीन कप पानी डालकर उबाल आने दें। कुकर में पांच से छह सीटी लगाएं। धनिया पत्ती से गार्निश करें। स्वाद के अनुसार नीबू का रस मिलाएं। इस डिश को डोसा, चावल या रोटी के साथ सर्व करें।
केरल कड़लै करी
सामग्री: • काबुली: चना 1 कप • नमक: स्वादानुसार • हल्दी: 1/2 चम्मच • कश्मीरी लाल मिर्च पाउडर: 1 चम्मच • करी पत्ता: 4 • सिरके वाला प्याज: 4 • धनिया पाउडर: 1 चम्मच • गरम मसाला पाउडर: 1 चम्मच • तेल: 3 चम्मच • हरी मिर्च: 2 • राई: 1/2 चम्मच • साबुत लाल मिर्च: 1 पेस्ट बनाने के लिए- • दालचीनी: 1 टुकड़ा • इलायची: 2 • लौंग: 3 • मेथी दाना: 1/2 चम्मच • कटा प्याज: 1 • लहसुन : 3 कली • अदरक: 1 छोटा टुकड़ा • कटा टमाटर: 1 • कद्दूकस किया नारियल: 1 कप
विधि: काबुली चना को रात भर के लिए पानी में भिगो दें। मसाले की सभी सामग्री को मिक्सर में डालकर बारीक पेस्ट तैयार कर लें। कुकर में तेल गर्म करें और उसमें राई, हींग, साबुत लाल मिर्च, सिरके वाले प्याज के छोटे टुकड़े और करी पत्ते का तड़का डालिए। इसमें पिसे मसाले का मिश्रण डालिए। पानी निथार कर काबुली चना डालिए। धनिया पाउडर, गरम मसाला, लाल मिर्च पाउडर, हरी मिर्च और स्वादानुसार नमक डालिए। अच्छी तरह मिलाने के बाद चार कप पानी डालकर कुकर बंद करें। पांच से छह सीटी लगाइए। कड़लै करी को डोसा, अप्पम या चावल के साथ परोसें।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।