Notification Icon
Hindi Newsलाइफस्टाइल न्यूज़know why every housewife women must have own saving bank account

नौकरी नहीं है फिर भी महिलाओं को जरूर रखना चाहिए पर्सनल बैंक अकाउंट, मिलते हैं ये फायदे

पिछले कुछ सालों तक शादी के बाद पति के साथ पत्नी का ज्वॉइंट अकाउंट खुलवाने की रवायत रही है। पर, यह ज्वॉइंट अकांउट आपको आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर नहीं बनाएगा। आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनने के लिए निजी बचत खाता खुलवाना क्यों है जरूरी, बता रहे हैं विपिन भल्ला।

Aparajita लाइव हिन्दुस्तानFri, 6 Sep 2024 09:41 AM
share Share

हाल ही में प्रकाशित एक रिपोर्ट के अनुसार, देश में महिलाओं के 35% बैंक खाते निष्क्रिय हैं, जो इस बात का संकेत हैं कि महिलाओं का पूरी तरह से आर्थिक रूप आत्मनिर्भर होना अभी किसी सपने की तरह है। वित्तीय स्वतंत्रता किसी भी व्यक्ति के समग्र सशक्तिकरण का महत्वपूर्ण हिस्सा है और महिलाओं के लिए यह विशेष रूप से महत्वपूर्ण है। दरअसल, जब हम आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर होते हैं तो अपने लिए एक बेहतर जीवन चुनने में आसानी होती है। भारत में कई ऐसी महिलाएं हैं जो एक कुशल गृहिणी और मां तो हैं, लेकिन इन सबके बदले उन्हें अपने करियर से हाथ धोना पड़ा। कई महिलाएं पढ़ी-लिखी हैं, नौकरी भी कर रही थीं, पर बच्चे के जन्म के बाद कभी दोबारा ऑफिस ज्वॉइन ही नहीं कर पाईं। ऐसी महिलाओं को बाद में कई तरह की दिक्कतें आने लगती हैं और उन्हें समस्याओं से उबरने का मौका ही नहीं मिल पाता। इसलिए आपकी उम्र चाहे 20, 30, 40 या 50 ही क्यों ना हो, आपको शुरू से बैंक अकाउंट खोलकर अपने पैसे खुद मैनेज करने की आदत डालनी चाहिए।

क्यों जरूरी है अलग बचत खाता?

महिलाओं का अपना निजी बचत खाता उन्हें वित्तीय सुरक्षा और स्वतंत्रता प्रदान करता है। अलग बचत खाता होने से महिलाओं को अपने पैसों का प्रभावी ढंग से प्रबंधन करने, अपने खर्चों पर नजर रखने और अपनी बचत और निवेश की योजना बनाने में मदद मिलती है। यह उन्हें वित्तीय लक्ष्य निर्धारित करने और उस दिशा में काम करने के लिए भी प्रेरित करता है। महिलाओं के बचत खाते उन्हें कई लाभ प्रदान करते हैं। क्या हैं ये -फायदे, आइए जानें:

सुरक्षित बचत: व्यक्तिगत बैंक खाता महिलाओं को अपनी बचत को सुरक्षित रखने का एक माध्यम देता है। इससे वे अपने भविष्य के लिए बचत कर सकती हैं और किसी आपात स्थिति में आसानी से धन का उपयोग कर सकती हैं।

वित्तीय योजना और निवेश: बैंक खाता रखने से सरकार द्वारा महिलाओं को सशक्त करने के लिए बनाई गई योजनाओं का लाभ उठाने का अवसर मिलता है। वे अपनी बचत को बढ़ाने और अपने धन को निवेश करने के लिए विभिन्न योजनाओं का चयन कर सकती हैं।

स्वतंत्रता और आत्मविश्वास: जब महिलाएं अपने वित्तीय निर्णय खुद लेती हैं, तो उनका आत्मविश्वास बढ़ता है। बैंक खाते के माध्यम से वे अपने वित्तीय निर्णय लेने में में स्वतंत्र होती हैं, जिससे उनकी सामाजिक और आर्थिक स्थिति में सुधार होता है।

सरकारी योजनाओं और सब्सिडी तक पहुंच: सरकार द्वारा चलाई जा रही कई योजनाओं और सब्सिडी का लाभ सीधे बैंक खातों के माध्यम से ही मिलता है। व्यक्तिगत खाता होने से महिलाएं इन लाभों को सीधे प्राप्त कर सकती हैं, जिससे उनके आर्थिक विकास में भी योगदान मिलता है।

कैसे है यह नियमित खाते से अलग

महिलाओं के बचत खाते नियमित बचत खातों से बेहतर हैं क्योंकि वे महिलाओं की विशिष्ट वित्तीय जरूरतों को पूरा करते हैं। महिला बचत खाते में न्यूनतम राशि रखने की बाध्यता भी नहीं होती है। इसके अलावा, कुछ बैंक नियमित बचत खातों की तुलना में अधिक ब्याज दरों के साथ विशेष महिला बचत खाते प्रदान करते हैं। इन बचत खातों से होने वाले कुछ खास लाभ इस प्रकार हैं:

उच्च ब्याज दरें: महिलाओं के बचत खाते अकसर नियमित बचत खातों की तुलना में अधिक ब्याज दर प्रदान करते हैं। इससे उन्हें अपनी बचत पर अधिक कमाई करने और अपने वित्तीय लक्ष्यों तक जल्दी पहुंचने में मदद मिल सकती है।

व्यक्तिगत सेवाएं: महिलाओं के बचत खाते अकसर व्यक्तिगत सेवाओं जैसे इंटरनेट बैंकिंग, एसएमएस बैंकिंग और अन्य सुविधाओं के साथ आते हैं। ये सेवाएं उन्हें अपने पैसे का प्रबंधन करने और अपने वित्त पर नियंत्रण रखने में मदद करती हैं।

कैशबैक ऑफर: महिलाओं के बचत खातों में अकसर किराने का सामान, पेट्रोल और यात्रा जैसी विभिन्न खरीद पर कैशबैक ऑफर शामिल होते हैं। इससे उन्हें दैनिक खर्चों पर पैसे बचाने में मदद मिल सकती है।

बीमा लाभ

महिलाओं के बचत खातों में अकसर दुर्घटना मृत्यु और गंभीर बीमारी कवरेज जैसे बीमा लाभ शामिल होते हैं। ये लाभ दुर्घटनाओं या चिकित्सा व आपात स्थितियों जैसी अप्रत्याशित घटनाओं के मामले में उन्हें वित्तीय सुरक्षा और संरक्षण प्रदान करते हैं।

(लेखक फाइनेंशियल एक्सपर्ट हैं)

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।

अगला लेखऐप पर पढ़ें