योग के ये पोज शरीर बनाएंगे मजबूत, नहीं दिखेंगे बढ़ती उम्र के निशान
- बढ़ती उम्र की निशानियां बढ़ने के साथ उसे लेकर अधिकांश लोगों की चिंता भी बढ़ने लगती हैं। इन निशानियों को कम करने में योग आपकी मदद कर सकता है। कैसे? बता रही हैं दिव्यानी त्रिपाठी

एंटी एजिंग क्रीम पर न जाने कितना खर्च कर दिया, पर कोई फायदा नहीं। कॉस्मेटिक ट्रीटमेंट करवाने से डर लगता है। पर, चेहरे पर गहराती उम्र की लकीरों का क्या? आप भी बढ़ती उम्र की समस्या से जूझ रही हैं और समाधान नहीं सूझ रहा? ऐसे में आप योग की ओर रुख कर सकती हैं। सही और नियमित तरीके से आजमाया गया यह किफायती तरीका यकीनन आपके काम आने वाला है। अब आप कहेंगी कि योग से तो रोग दूर होते हैं और यह कोई रोग तो नहीं। इस बाबत अंतरराष्ट्रीय योग गुरु डॉ. सुनील सिंह कहते हैं कि जब आप आगे झुकने वाले आसान करती हैं तो रक्तस्राव मस्तिष्क की ओर बढ़ता है। जो हमारे चेहरे, सिर, आंखों आदि की कार्यक्षमता में इजाफा करता है। साथ ही कॉलेजन के निर्माण में भी बढ़ोतरी होती है, जिसका असर हमारी त्वचा पर नजर आता है। योग कोशिकाओं को डिटॉक्सीफाई कर उसकी गुणवत्ता में इजाफा करता है, जिससे चेहरे पर चमक आती है। इतना ही नहीं, यह हड्डियों, मांसपेशियों, रीढ़ को मजबूत और लचीला भी बनाता है और हम अधिक ऊर्जावान रह पाते हैं। अध्ययन बताते हैं कि जो महिलाएं 20 हफ्ते तक लगातार 30 मिनट तक योग अभ्यास करती हैं, मध्यम आयु की उन महिलाओं के चेहरे की बनावट में सुधार देखा जाता है।
पश्चिमोत्तासन है काम का
पश्चिम यानी पीठ और तान का अर्थ है तानना या आगे की ओर झुकाना। इस अभ्यास में हम जमीन पर बैठकर पैरों को फैलाकर लम्बवत कर लेते हैं। दोनों हाथों को सांस भरते हुए ऊपर उठाते हैं और दोनों हाथों से पैर के अंगूठों को पकड़ने की कोशिश करते हैं। माथे को घुटनों पर लगाने की कोशिश करनी होती है। शुरुआत में यह आसान आप दो से चार बार दस-दस सेकेंड के लिए कर सकती हैं। समय के साथ इस अभ्यास को आप बढ़ा लीजिए। ध्यान रखें कि इसका अभ्यास गर्भवती महिलाएं, जिनके पीठ में दर्द हो और जिनको साइटिका का दर्द है, वह न करें। लाभ की बात करें तो जब हम आगे की ओर झुकते हैं, तब रक्तप्रवाह हमारे चेहरे, माथे, आंखों, सिर की ओर तेज हो जाता है। जिसके चलते इनकी कार्यक्षमता में इजाफा होता है। कॉलेजन का निर्माण ज्यादा होता है। नतीजा, उम्र की निशानियों के आने में कमी आती है। इतना ही नहीं, यह आपके लिवर और किडनी आदि के लिए भी फायदेमंद होता है।
सभी अंगों के लिए सर्वांग आसान
नाम से ही जाहिर है कि यह हमारे पूरे शरीर के लिए अच्छा होता है। बात आती है कि इसे किया कैसे जाएगा। बकौल डॉ. सुनील इसमें पीठ के बल लेटना होता है। हाथ जमीन पर कमर के अगल-बगल। और पैरों को ऊपर उठाना होता है। हथेलियां कमर को सहारा देती हैं। शुरुआत में दस सेकेंड तक रुकें और समय के साथ एक से दो मिनट तक बढ़ा सकती हैं। पर हां, यह दिन में एक ही बार करना चाहिए। इसे कायाकल्प आसान भी कहते हैं। जैसा नाम, वैसा काम। इससे बालों का झड़ना कम होता है, चेहरे पर चमक आती है, आंखों की रोशनी बेहतर होती है। जो फायदे हमें शीर्ष आसान से मिलते हैं, वह सभी फायदे हमें इससे मिलते हैं। पर, ध्यान रखिए कि इसे दिन में एक ही बार ही करना होता है। दिल के मरीज इससे परहेज करें। सर्वाइकल की समस्या है तो भी इसे न करें।
पादहस्तासन है आपके लिए
इस आसान में पैरों को एक साथ रखते हुए सीधे खड़ी हो जाइए। गहरी और धीरे-धीरे सांस लें। अपनी दोनों भुजाओं को अपने सिर के ऊपर सीधा फैलाएं। सांस छोड़ते हुए आगे की ओर झुकें। पैरों की सीधा रखें और माथे को घुटनों से लगा दें। हाथों से पिंडली को पकड़ने की कोशिश करें। जिन्हें दिल की समस्या है, कमर में दर्द रहता है या फिर चक्कर आते हैं, उन्हें इसे नहीं करना चाहिए। फायदे की बात करें तो इससे मस्तिष्क की ओर खून का प्रवाह तेज हो जाता है, जिसके चलते आंखों की रोशनी बढ़ती है, चेहरे चमकदार होता है और पाचन तंत्र मजबूत बनता है। यह दिल और फेफड़ों के लिए भी अच्छा होता है। यह तमाम आंतरिक अंगों को दुरुस्त रखकर बढ़ती उम्र की निशानियों को हमसे दूर रखता है।
इन्हें भी करें जरूर
डॉ. सुनील कहते हैं कि जब आप आगे झुकने वाले आसन करती हैं, तो आपको पीछे झुकने वाले आसानों को भी जरूर करना चाहिए। सलभ आसान, भुजंग आसान, उष्ठ्रासन, चक्रासान आदि को भी अपने नियमित आसन का हिस्सा बनाएं, लाभ होगा।
फेस योग करेगा कमाल
जब एंटी र्एंजग की बात हो रही हो तो आप फेस योग को भला कैसे नजरअंदाज कर सकती हैं? इसके लिए आप चेहरे के अलग-अलग हिस्से के लिए अलग-अलग मुद्रा का इस्तेमाल कर सकती हैं। जैसे माथे से महीन रेखाओं को दूर रखने के लिए आप दिन में कुछ मिनटों तक अपनी उंगलियों से नीचे से ऊपर की ओर मालिश कर सकती हैं। गालों के लिए खुलकर मुस्कुराएं। उंगलियों की मदद से अपनी मुस्कान और बड़ा करने की कोशिश करें। कुछ सेकेंड तक वैसे ही रखें। यह अभ्यास आप आठ से दस बार करें। गर्दन की त्वचा में कसाव लाने के लिए आप अपनी गर्दन को पीछे झुकाकर ऊपर की ओर देखें और होंठों से पाउट बनाएं, इससे गर्दन में खिंचाव महसूस होगा।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।