Notification Icon
Hindi Newsलाइफस्टाइल न्यूज़फैशनHow To Style Indian or Ethnic Wear to look a Like Actresses

इंडियन वियर को इन तरीकों से करें स्टाइल, मिलेगा एक्ट्रेसेस वाला लुक

  • भारतीय पारंपरिक पोशाकें हमेशा से ही स्टाइलिश लुक देने का दम रखती आई हैं। जरूरत है, तो इनमें समय के साथ फेरबदल करने की। पारंपरिक पहनावे में खुद को कैसे निखारें, बता रही हैं दिव्यानी त्रिपाठी

Avantika Jain लाइव हिन्दुस्तान, नई दिल्लीSat, 3 Aug 2024 02:08 AM
share Share

पारंपरिक भारतीय कपड़ों को पहनने में क्या आप उसी घिसे -पिटे तरीके को अपनाती हैं? अगर ऐसा है, तो यकीनन आप फैशन की दौड़ में पीछे हैं। अगर आप भी अपने बेहतरीन स्टाइल और लुक की वजह से लोगों के बीच चर्चा का कारण बनना चाहती हैं तो आपको अपने परिधानों और उसके पहनने के तरीकों में कुछ बदलाव लाना होगा। इसके लिए आप रेखा की साड़ी बांधने की कला सीख सकती हैं, तो दीपिका पादुकोण के स्टाइल वाले ब्लाउज पहन सकती हैं और नीता अंबानी का ज्वेलरी सेंस आजमा सकती हैं।

साड़ी हो हल्की

‘साड़ी, न बाबा न’... यह मुझसे संभलती ही नहीं। आपकी इस समस्या का समाधान है, कैम्ब्रिक कॉटन, लिनन, शिफॉन, बनारसी सिल्क और आर्ट सिल्क सरीखे फैब्रिक वाली साड़ियां। इनमें आप खूब जंचेंगी। अपने लुक में इजाफा करने के लिए आप खूबसूरत आभूषणों का सहारा ले सकती हैं। जैसे कानों में मोती के स्टड, छोटे हूप या ड्रॉप इयर्रंरग्स। गले में साधारण-सा चेन और हाथों में एक स्टेटमेंट रिंग व पतली चूड़ियां। यह साधारण-सा लुक आपको आकर्षण का केंद्र बना देगा।

रंगों का चुनाव करें ध्यान से

भारतीय परिधानों में आपके पास रंगों के ढेरों विकल्प होते हैं, जिनका सही चुनाव आपके लुक को परिभाषित करता है। लिहाजा, यह चुनाव अपने स्किन टोन हिसाब से करें। इस बाबत फैशन डिजाइनर कंचन गुप्ता कहती हैं कि अगर आपका रंग साफ है, तो आपको रंगों के बारे में ज्यादा सोचने की जरूरत नहीं। आप कोई भी रंग चुन सकती हैं। गहरे रंग में आप बेहद आकर्षक लगेंगी। रंग गेहुंआ है तो आप ब्राउन, टैन, खाकी, हरा, नारंगी, पीला और गहरा नीला जैसे रंग चुन सकती हैं। सांवले स्किन टोन के लिए डार्क पर्पल, मैरून, हल्का पीला और गुलाबी रंग के कपड़ों का चुनाव कीजिए।

फ्यूजन करेगा कमाल

पारंपरिक भारतीय परिधानों की वेस्टर्न कपड़ों के साथ जुगलबंदी कर आप हर किसी के आकर्षण का केंद्र बन सकती हैं। इसके लिए आप क्रॉप टॉप या केप को साड़ी के साथ पहन सकती हैं। सामान्य-सी साड़ी को भारी-भरकम लुक देने के लिए आप ज्यादा काम वाला केप या क्रॉप टॉप चुन सकती हैं। आपको साड़ी पहनना पसंद है, पर जल्दी में पहन नहीं पातीं या कुछ अलग तरीके से पहनना चाहती हैं तो आप प्री-स्टिच्ड साड़ी पहन सकती हैं।

कीजिए कुछ नया ट्राई

व्यस्त दिनों में कुर्ती ही आपके लिए सहूलियत भरी पोशाक है। अगर आप उसे चूड़ीदार या सलवार के साथ पहनकर ऊब गई हैं, तो कुछ नया प्रयोग कर सकती हैं। आप उसे फ्लेयर्ड स्कर्ड के साथ पहन सकती हैं, जिस पर कुछ एक्सेसरीज भी अच्छी लगेंगी। बस इतना ख्याल रखिएगा कि एक समय पर बहुत ज्याद प्रिंट्स और एक्सेसरीज न हो जाए। अगर कुर्ती प्लेन है, तो फ्लेयर्ड स्कर्ड प्रिंटेड रखिए। अगर आप दोनों को ही प्लेन रखना चाहती हैं, तो उनके साथ आप प्रिंटेड स्टोल लें सकती हैं।

स्टाइल और आराम से सजे हों जूते

आपके जूते आपके लुक को पूरा करते हैं। पारंपरिक परिधानों के साथ आप जूती, कोल्हपुरी, मोजड़ी वगैरह चुन सकती हैं। जूती आप सलवार-कमीज, साड़ी, लहंगा यहां तक की इंडो वेस्टर्न पोशाक के साथ भी पहन सकती हैं। इसकी कढ़ाई आपके लुक में चार-चांद लगा देती हैं। चमड़े के बने कोल्हपुरी सैंडल साड़ी, चूड़ीदार सरीखे एथनिक वियर के साथ बेहद फबते हैं। इन्हें सफेद, ऑफ व्हाइट, पीले या पेस्टल शेड्स आदि कुर्ता सेट के साथ पहनें तो बहुत खूबसूरत लुक मिलेगा।

अगर वजन है थोड़ा ज्यादा

अगर आपका वजन ज्यादा है, तो पारंपरिक भारतीय परिधान पहनते वक्त आपको कुछ बातों को ध्यान में रखना होगा। सबसे पहली बात, जो आपको जेहन में रखनी है, वह है फैब्रिक का चुनाव। हल्के कपड़े जैसे जॉर्जेट और शिफॉन वगैरह चुनें। इनमें आपका वजन थोड़ा कम लेगगा। रंग और प्रिंट की बात की जाए तो आपके लिए एक ही रंग की पोशाक चुनना बेहतर होगा। रंग जितना गाढ़ा होगा, उतना ही अच्छा होगा। जैसे आप मैजेंटा, मैरून, काला सरीखे रंग को चुनें। इससे अतिरिक्त वसा को छुपाने में मदद मिलेगी। प्रिंट्स को तरजीह दें। कपड़ों के बाजू ऐसे चुनें, जिनमें हाथ ज्यादा-से-ज्यादा ढके रहें। बैलून स्लीव्स से लेकर बिशप स्लीव्स तक के विकल्प आपके पास मौजूद हैं। आप कुर्ती पहनना चाहती हैं, तो ए-लाइन अनारकली और एम्पायर वेस्ट कुर्तियां आपके लिए बेहतर रहेंगी। कुर्ती हो या ब्लाउज, वी और स्वीटहार्ट स्टाइल जैसी गहरी नेकलाइन वाली पोशाकें चुनें। इनसे टुड्ढी और गर्दन के आसपास की वसा पर लोगों का ध्यान नहीं जाएगा।

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।

अगला लेखऐप पर पढ़ें