Notification Icon
Hindi Newsझारखंड न्यूज़ranchi criminals first hit bike then rob bandhan bank employee treatment critical condition

बदमाशों ने पहले बाइक से मारा धक्का फिर इलाज के बहाने लूटे 60 हजार, गंभीर हालत में बैंककर्मी भर्ती

रांची में बेखौफ बदमाश लूटपाट के नए-नए तरीके इजाद कर रहे हैं। उन्होंने बंधन बैंक के कर्मचारी को पहले बाइक से धक्का मारा फिर इलाज के बहाने 60 हजार रुपए से भरा बैग लूट लिया। बाइक भी लूटी।

Sneha Baluni वरीय संवाददाता, रांचीFri, 2 Sep 2022 07:28 AM
share Share

रांची के बेखौफ अपराधी लूटपाट के नए-नए आइडिया ईजाद कर रहे हैं। गुरुवार की दोपहर को उन्होंने कुछ इसी अंदाज में घटना अंजाम दिया। बंधन बैंक के कर्मचारी सुक्रांत भट्टाचार्य की बाइक को मधुकम में पहले धक्का मारा, जिससे वह सड़क पर गिर गए और घायल हो गए। इसके बाद अपराधियों ने अपनी बाइक खड़ी की और उन्हें उठाया। फिर दोनों अपराधी उनकी बाइक पर बैठ गए और उन्हें इलाज कराने के लिए अस्पताल ले गए। 

दलादली चौक के समीप जब अपराधी पहुंचे तो बीच में बैठे सुक्रांत के सिर के पीछे हिस्से में लोहे की गुपती से चार से पांच बार मारा, जिससे सुक्रांत घायल होकर फिर सड़क पर गिर गए। इसके बाद अपराधियों ने 60 हजार रुपयों से भरा बैग लूटा और उनकी ही बाइक लेकर भाग निकले। सुक्रांत रुपये कलेक्शन कर बैंक जा रहे थे। घटना की जानकारी मिलने के बाद नगड़ी थाने की पुलिस मौके पर पहुंची। 

घायल को इलाज के लिए रिम्स में भर्ती कराया गया है। उनकी स्थिति गंभीर बनी हुई है। सुक्रांत पंडरा रवि स्टील के पास रहते हैं। मूल रूप से वे पश्चिम बंगाल के रहने वाले हैं। जानकारों का कहना है कि शहर में लूट की वारदात को अपराधी अंजाम देते रहते हैं, पर इस वारदात को जिस तरीके से अंजाम दिया गया है, वह बिलकुल नया है। लोगों को पहले से अधिक सचेत रहने की जरूत है। अपराधियों का मनोबल बढ़ गया है।

सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस

घटना के बाद पुलिस अपराधियों की खोजबीन में जुट गई है। पुलिस मधुकम चूना भट्टा से दलादली तक के इलाके में लगे सीसीटीवी कैमरे से अपराधियों का फुटेज खंगाल रही है। हालांकि पुलिस को अब तक अपराधियों का कोई सुराग हाथ नहीं लगा है। मामले में सुक्रांत के बयान पर नगड़ी थाने में प्राथमिकी दर्ज की गई है। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।

चूना भट्टा से पैसा कलेक्शन कर लौट रहे थे सुक्रांत

बताया जा रहा है कि बैंककर्मी सुक्रांत का पीछा अपराधी सुखदेवनगर थाना क्षेत्र के चूना भट्टा से ही कर रहे थे। लूटपाट की वारदात को उन्होंने पूरी प्लानिंग के साथ अंजाम दिया। सुक्रांत बतौर बैंक में कलेक्शन एजेंट के रूप में काम करते हैं। वह प्रतिदिन बैंक का पैसा कलेक्शन के लिए चूना भट्टा समेत अन्य इलाकों में बाइक से आते-जाते थे। गुरुवार को भी वह सुखदेवनगर थाना क्षेत्र के चूना भट्टा में पैसा कलेक्शन करने के लिए गए थे। 

पुलिस के अनुसार अपराधियों ने रेकी कर इस वारदात को अंजाम दिया है। गुरुवार को जब कलेक्शन करने के बाद सुक्रांत बैंक लौटने लगे, तभी अपराधियों ने उनका पीछा किया। इसके बाद लूटपाट की। अपराधी पहले से कर्मी का इंतजार कर रहे थे। अपराधियों को यह जानकारी थी कि पैसा कलेक्शन के लिए बंधन बैंक के कर्मी का चूना भट्ठा आना-जाना लगा रहता है।

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।

अगला लेखऐप पर पढ़ें