Notification Icon
Hindi Newsझारखंड न्यूज़heavy rainfall in alert jharkhand today spell bring suffering ndrf came for help govt on alert mode

बारिश से झारखंड से हाहाकार, मदद को आई NDRF; अलर्ट मोड पर सरकार, आज कैसा रहेगा मौसम का हाल

झारखंड के कई जिलों में शुक्रवार को भारी बारिश हुई। जिससे कई निचले इलाके डूब गए। सड़कें पानी से भर गईं। रेलवे ट्रैक पर भी पानी आ गया। मौसम विभाग ने आज भी भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है।

Sneha Baluni हिन्दुस्तान, रांचीSat, 3 Aug 2024 03:24 AM
share Share

झारखंड के सभी इलाकों में शुक्रवार को भारी बारिश हुई। जिससे कई निचले इलाके डूब गए। सड़कें पानी से लबालब हो गईं। कुछ इलाकों में रेल ट्रैक पर भी पानी चढ़ गया, जिसके चलते घंटों परिचालन बाधित रहा। गुरुवार देर रात से शुक्रवार रात तक होती रही भारी बारिश के कारण रांची बेहाल हो गयी। शहर के दीपाटोली के बांधगाड़ी इलाके में एनडीआरएफ को उतारना पड़ा। यहां घरों के अंदर फंसे 35 लोगों को एनडीआरएफ की टीम ने सुरक्षित बाहर निकाला।

डीसी को तैयारी रखने का निर्देश

इधर, मौसम विभाग ने शनिवार को भी राज्य में भारी बारिश की चेतावनी जारी की है। इसके मद्देनजर सभी जिलों के डीसी को अलर्ट करते हुए सभी तैयारी दुरुस्त रखने का निर्देश दिया गया है। मौसम विभाग के अनुसार, राज्य में सबसे अधिक बारिश दुमका जिले के नाला में 145 मिमी और जामताड़ा में 133 मिमी रिकार्ड की गई। रांची में 128 मिमी बारिश दर्ज की गई। रांची मौसम केंद्र के वैज्ञानिक अभिषेक आनंद ने बताया कि झारखंड और पश्चिम बंगाल के ऊपर निम्न दवाब का क्षेत्र बना हुआ है। यह उत्तर की ओर बढ़ रहा है। इससे राज्य कई जिलों में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है।

उधर, संताल-कोयलांचल में भी बारिश जारी है। धनबाद में कई जगह घरों और दुकानों में पानी भर गया। कोलियरी इलाकों में गैस रिसाव से लोग दहशत में हैं। दुमका के बासुकीनाथ रेलवे स्टेशन के पास रेल ट्रैक पर लगभग 3 फीट पानी जमा हो गया है, जिससे ट्रेनों का आवागमन बंद है। इसके अलावा जामताड़ा-नारायणपुर सड़क और साहिबगंज के बोरियो-तीनपहाड़ मार्ग पर पेड़ गिरने से घंटों आवागमन बाधित रहा।

आज भी भारी बारिश का अलर्ट

राज्य में शुक्रवार सुबह से भारी बारिश जारी है। मौसम विभाग ने शनिवार को भी भारी बारिश की संभावना जताई है। इसे देखते हुए सरकार भी अब अलर्ट मोड में है। गृह, कारा आपदा एवं प्रबंधन विभाग अंतर्गत आपदा प्रबंधन प्राधिकार ने सभी जिलों के उपायुक्तों को पत्र लिखकर आवश्यक सुरक्षात्मक कार्रवाई करने का निर्देश दिया गया। मौसम विभाग ने गढ़वा, पलामू, चतरा, लातेहार, लोहरदगा, हजारीबाग, गुमला के लिए रेड अलर्ट, जबकि कोडरमा, गिरिडीह, बोकारो, रामगढ़, रांची, खूंटी, सिमडेगा के लिए ऑरेंज अलर्ट के अलावा अन्य जिलों के लिए बारिश का यलो अलर्ट जारी किया है।

मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने कहा, 'मौसम विभाग ने राज्य के कई जिलों में तेज हवा और भारी बारिश की चेतावनी दी है। राज्यवासियों की सुरक्षा हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता है। संपूर्ण प्रशासन अलर्ट पर है और तत्परता से काम कर रहा है। मैं स्वयं स्थिति पर लगातार नजर रख रहा हूं।'

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।

अगला लेखऐप पर पढ़ें