आवारा सांढ़ के हमले से आधा दर्जन लोग घायल, बेकाबू सांढ को पकड़ा
साहिबगंज में आवारा सांड का आतंक बढ़ गया है। रविवार को सांड ने आधा दर्जन से अधिक लोगों को घायल कर दिया, जिनमें से एक बुजुर्ग की इलाज के दौरान मौत हो गई। नगर परिषद के सिटी मैनेजर ने सांड को पकड़ने के...

साहिबगंज। शहर में आवारा सांड का आतंक बढ़ गया है। सांड ने रविवार को करीब आधा दर्जन से अधिक लोगों को घायल कर दिया। घायलों में साउथ कॉलोनी के विपिन तांती (46), टाउन हाल के राजन पासवान(74) आदि हैं। घायलों को इलाज के लिए सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया। घटना की सूचना पर नगर परिषद के सिटी मैनेजर बिरेस कुमार ने उक्त सांड़ को पकड़वाने में जुट गये। इसके लिए मनिहारी पूरुब टोला के अक्षय कुमार यादव को खासतौर पर बुलाया गया था। सांड को पकड़ने के लिए तीन लोगों की टीम घोड़े पर चढ़ कर सांड को रस्सी का फंदा डाल कर पकड़ा। इस क्रम में अक्षय कुमार यादव आशिंक रूप से घायल भी हो गया। सिटी मैनेजर बिरेस कुमार ने बताया कि मोबाइल पर सूचना मिली थी कि टाउन हॉल के आसपास काले रंग का सांड बेकाबू होकर आने जाने वालों पर हमला कर रहा है। इससे पहले पशुपालन विभाग का कर्मी रवि कुमार साह रेस्क्यू करने गया, लेकिन कामयाब नहीं हो सका। काफी मशक्कत के बाद अक्षय के सहयोग से सांड पर काबू पाया जा सका। इसके लिए सिटी मैनेजर ने अक्षय को पुरस्कृत करने की बात कही है।
सांढ के हमले में घायल की मौत
साहिबगंज। करीब 20 दिन पहले सांढ के हमले में घायल तालबन्ना के राजू केसरी (60)की रिम्स में इलाज के क्रम में मौत हो गई है। सब्जी खरीद कर घर लौटने के क्रम में आर्य समाज मंदिर के पास उक्त बुजुर्ग पर एक सांढ ने हमला कर बुरी तरह से घायल कर दिया था। स्थानीय स्तर पर इलाज के बाद बेहतर इलाज के लिए रांची रिम्स रेफर किया गया था। वहां बीते एक पखवारा से अधिक समय तक उनका इलाज चला। लेकिन कोई सुधार नहीं हो सका और बीती रात उनकी मौत हो गई। उसके घर में मातम पसरा हुआ है।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।