ओपीडी का समय बदलने से 50 फीसदी मरीजों में कमी
साहिबगंज के सदर अस्पताल में ओपीडी का समय बदलने से मरीजों की संख्या आधी हो गई है। नए समय के अनुसार, ओपीडी सुबह 9 बजे से 1 बजे तक और शाम 4 बजे से 6 बजे तक खुलता है। इससे दूर-दराज से आए मरीजों को अधिक...

साहिबगंज। सदर अस्पताल के ओपीडी का समय बदलने से मरीजों की संख्या आधी हो गई है। सरकार के निर्देश पर बीते एक फरवरी से ओपीडी को दो पाली में बांटा गया है। पहली पाली सुबह नौ बजे से एक बजे तक एवं दूसरा पाली शाम चार बजे शाम छह बजे तक होती है। पहले ओपीडी सुबह नौ बजे से दोपहर तीन बजे तक चलती थी। नए टाइम टेबल में ओपीडी के समय में एक घंटे की कटौती हो गई। दूसरा दूर-दराज से इलाज के लिए आनेवाले मरीजों को दूसरी पाली में एक घंटे ज्यादा इंतजार करना पड़ रहा है। रजिस्ट्रेशन काउंटर के अनुसार पहले के टाइम टेबल पर ओपीडी में सुबह नौ बजे से दोपहर तीन बजे तक औसतन रोजाना 250-300 मरीजों का इलाज होता था। अब ओपीडी के नए समय में मुश्किल से 150 मरीजों का इलाज हो पा रहा है। अस्पताल के एक डॉक्टर ने बताया कि ओपीडी के टाइम टेबल बदलने से मरीजों को कोई खास लाभ नहीं मिल पा रहा है। शाम चार बजे के बाद ओपीडी सुनसान हो जाता है।
फोटो 104, पंजीयन काउंटर में खरीद लोग।
मरीजों का तुलनात्मक आंकड़ा:
सदर अस्पताल के ओपीडी में जनवरी महीने में 4651 मरीजों को देखा गया
-फरवरी में अबतक सिर्फ 2484 मरीजों का ही इलाज ओपीडी में हो पाया है
कैसे बढ़ी मरीजों की परेशानी
ओपीडी का समय बदलने से मरीजों की परेशानी काफी बढ़ गई है। नए टाइम टेबल के अनुसार दोपहर एक बजे के बाद ओपीडी बंद हो जाता है। ऐसे में कतार में लगे दूर-दराज से आए मरीज दूसरी पाली में ओपीडी खुलने के इंतजार में तीन घंटा इंतजार नहीं करना चाहते हैं और बिना जांच कराए ही घर लौट जाते हैं या प्राइवेट क्लिनिक में चले जाते हैं।
डॉक्टर व स्वास्थ कर्मियों की भी बढ़ी परेशानी
ओपीडी के नए टाइम से मरीजो के साथ डॉक्टरों व स्वास्थ्य कर्मियों की भी परेशानी बढ़ गई है। बाहर से पहुचने वाले डॉक्टर व स्वास्थ्य कर्मियों को यहां दिन भर रहना पड़ रहा है। इसके बाद भी मरीजो इसका लाभ नही मिल पा रहा है।
दूर-दराज के मरीजों को इलाज कराना मुश्किल
सदर अस्पताल में साहिबगंज साथ साथ दूसरे प्रखंड के अलावा बिहार के पीरपैंती तक के मरीज आते हैं। ठंड में इन्हें यहां पहुंचने में पूर्वाह्न 10 से 11 बज जाता है। मरीजों की भीड़ के कारण ऐसे कई मरीज दोपहर तीन बजे तक इलाज करा कर वापस घर लौट जाते थे। अब टाइम टेबल में बदलाव होने से दोपहर एक बजे ओपीडी बंद हो जाता हैऔर दोबारा ओपीडी खोलने के इंतजार में शाम चार बजे तक इंतजार करना पड़ता है।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।