मोदी सरकार ने 11 वर्षों में असंभव को संभव किया : स्मृति ईरानी
रांची में आयोजित कार्यक्रम में शामिल होने के लिए पहुंचीं पूर्व केंद्रीय मंत्री, कहा-राज्य सरकार केंद्रीय योजनाएं जमीन पर नहीं उतार रही तो उससे पूछें

रांची, हिन्दुस्तान ब्यूरो। केंद्र की मोदी सरकार के 11 साल पूरे होने पर रांची में आयोजित कार्यक्रम में शामिल होने के लिए पूर्व केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी रांची पहुंची। उन्होंने यहां मोदी सरकार की 11 साल की उपलब्धियां गिनाते हुए कहा कि 11 वर्षों में मोदी सरकार ने असंभव को संभव किया है, विपक्ष भी सरकार की तारीफ करने के लिए मजबूर है। मीडिया से बात करते हुए उन्होंने कहा कि अगर राज्य में केंद्रीय योजनाएं सही तरीके से जमीन पर नहीं उतर रही हैं, तो उसके लिए राज्य की सरकार से पूछा जाना चाहिए। पार्टी द्वारा आयोजित चित्र प्रदर्शनी का उद्घाटन स्मृति ईरानी, प्रदेश अध्यक्ष एवं नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी, कार्यकारी अध्यक्ष डॉ रविंद्र कुमार राय, संगठन महामंत्री कर्मवीर सिंह, महामंत्री सांसद आदित्य साहू ने किया।
पार्टी की पंच निष्ठाओं को प्रतिबिंबित किया प्रेसवार्ता को संबोधित करते हुए पूर्व केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी ने कहा कि आज दुनिया भारत को सम्मान के साथ देख रही है। दुनिया में तिरंगे की ताकत बढ़ी है। आज भाजपा के करोड़ों कार्यकर्ता और प्रबुद्ध देशवासी जिन्होंने अपने सहयोग से तीसरी बार मोदी सरकार बनायी है, वे गौरव का अनुभव करते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का आभार प्रकट कर रहे। स्मृति ईरानी ने कहा कि जब विकास की बात होती है तो केंद्र में गरीबों को रखा जाता है। 50 करोड़ लोगों को जनधन खाता के माध्यम से देश की तिजोरी से जोड़ा गया। 45 लाख करोड़ रुपए सीधे डीबीटी के माध्यम से खाते में भेजे गए। बहुआयामी गरीबी से उबारने के संकल्प के कारण आज 25 करोड़ नागरिक तीव्र गति से उन्नति के पथ पर अग्रसर हुए हैं। 81 करोड़ लोगों को अन्नपूर्णा का आशीर्वाद प्रतिमाह 5 किलो मुफ्त अनाज के रूप में मिल रहा है। उन्होंने कहा कि 4 करोड़ गरीबों के सिर पर पक्के छत की सुविधा, जिनमें 73% मालकिन महिलाएं हैं और 15 करोड़ घरों तक नल से जल की सुविधा पहुंचना यह सुशासन और कुशल नेतृत्व के कारण ही संभव हुआ है। स्वच्छ भारत अभियान के तहत 12 करोड़ गरीबों के घर शौचालय निर्माण ने महिलाओं-बेटियों की इज्जत, लाज को सुरक्षित किया है। साथ ही उज्ज्वला गैस योजना के माध्यम से 12 करोड़ घरों तक धुआं मुक्त रसोई ने महिलाओं के दुखदर्द को कम किया है। 11 करोड़ किसानों के खाते में जा रहा पैसा स्मृति ईरानी ने कहा कि डीबीटी के माध्यम से देश के 11 करोड़ किसानों के खाते में प्रतिवर्ष किसान सम्मान निधि के 6 हजार रुपए पहुंच रहे हैं। यूपीए सरकार की तुलना में देश का कृषि बजट 5 गुना बढ़ा है। 3 लाख 70 हजार करोड़ रुपए किसानों को प्राप्त हुए। 25 करोड़ सॉइल हेल्थ कार्ड और 1.75 हजार करोड़ रुपये फसल बीमा योजना में किसानों को प्राप्त हुए है। किसान क्रेडिट कार्ड की लिमिट 5 लाख तक बढ़ाई गई। नारी सशक्तिकरण पर विशेष ध्यान स्मृति ईरानी ने कहा कि मोदी सरकार ने नारी सशक्तिकरण पर विशेष ध्यान दिया है। आर्मी में स्थाई कमीशन की व्यवस्था से सेना में अधिकारी बनने का अवसर, सैनिक स्कूल में लड़कियों का नामांकन मोदी सरकार की सार्थक कोशिश है। संसद के नवनिर्मित भवन में पहला बिल महिलाओं के लिए 33% आरक्षण की सुविधा का रहा, जिसकी प्रतीक्षा लंबे समय से थी। सुकन्या समृद्धि योजना के तहत 4.25 करोड़ खाते खुले, स्तनपान कराने वाली और गर्भवती महिलाओं के लिए 18593 करोड़ रुपए खर्च किए गए। 10 करोड़ महिलाओं के द्वारा देश में 90 लाख स्वयं सहायता समूह चल रहे, जो 6.40 लाख गांव में सेवा दे रही। अब तो महिलाएं ड्रोन दीदी भी बन रही। विपक्ष भी तारीफ करने को मजबूर स्मृति ईरानी ने कहा कि जम्मू-कश्मीर में हाल में उद्घाटित विश्व के सबसे ऊंचे रेलवे ब्रिज की सराहना विपक्षी दल के मुख्यमंत्री ने की, ये है मोदी सरकार का सबका साथ सबका विकास। सिंदूर ऑपरेशन ने एक नए शौर्य, साहस और धैर्य को प्रकट किया है। भारत का स्वदेशी रक्षा तंत्र आज तेजी से आगे बढ़ रहा। भारत के रक्षा उपकरणों का निर्यात 34 गुना बढ़ गया है। धारा 370 की समाप्ति, अयोध्या राम मंदिर निर्माण, काशी विश्वनाथ, महाकाल कॉरिडोर निर्माण जैसे कार्य भारत की राष्ट्रीय एकात्मता और सांस्कृतिक विरासत को समर्पित रहा है। उन्होंने कहा कि मोदी सरकार सबका साथ सबका विकास को साकार कर रही। आज मोदी सरकार में 68% मंत्री एसटी-एससी और ओबीसी वर्ग से हैं।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।