स्कूल अनुदान राशि शत प्रतिशत खर्च नहीं हुई तो रुकेगा प्राचार्य का वेतन
20 मार्च तक राशि का व्यय कर देनी है रिपोर्ट रांची, वरीय संवाददाता।

रांची, वरीय संवाददाता। रांची जिले के स्कूलों को दी जानेवाली विद्यालय विकास अनुदान राशि को 20 मार्च तक खर्च करने का निर्देश दिया गया है। तय समय तक यदि राशि का व्यय नहीं किया गया तो संबंधित स्कूलों के प्राचार्यों का मार्च माह का वेतन रोका जा सकता है। साथ ही राशि लैप्स होने के बाद स्कूल की देनदारी के लिए विभाग जवाबदेह नहीं होगा। यह निर्देश जिला शिक्षा पदाधिकारी विनय कुमार ने जिले के सभी प्रखंड शिक्षा प्रसार पदाधिकारी और प्राचार्यों को दी है। डीईओ विनय कुमार ने स्कूलों को विभिन्न मदों में दी गई राशि को शत प्रतिशत उपयोग करते हुए 20 मार्च तक डाटा पीएफएमएस में अपलोड करने के लिए कहा है। साथ ही कहा कि बीआरसी स्तर से 25 मार्च तक भुगतान सुनिश्तिच किया जाएगा।
70 से 80 प्रतिशत तक ही खर्च
उन्होंने बताया कि चार मार्च की समीक्षा में पाया गया था कि औसत व्यय की स्थिति 70 से 80 फीसदी है। कई मदों में राशि का व्यय हुआ ही नहीं है, जो निराशाजनक है। बताया कि 31 मार्च को एसएनए के माध्यम से आवंटित राशि स्वत: शून्य हो जाएगी। उन्होंने कहा कि जिला स्तर से विद्यालयों को आवंटित राशि से से पोशाक की शत प्रतिशत राशि, अनुदान एवं अन्य मद में शत प्रतिशत व्यय के लिए फरवरी माह तक का समय दिया गया था, लेकिन राशि खर्च नहीं की गई। उन्होंने कहा कि राशि का शत प्रतिशत उपयोग नहीं होना लापरवाही को दर्शाता है।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।