तोरपा में नवमी को निकलेगी भव्य शोभायात्रा, अष्टमी जुलूस आज
तोरपा में रामनवमी का पर्व धूमधाम से मनाया जाएगा। भक्तों में उत्साह है और पूजा की तैयारियाँ चल रही हैं। महावीर मंदिर को सजाया गया है और झंडा पूजा के साथ शोभायात्रा निकाली जाएगी। इस दौरान कई झांकियां भी...

तोरपा, प्रतिनिधि। मर्यादा पुरूषोतम भगवान श्री राम के जन्मोत्सव का महा पावन पर्व रामनवमी रविवार को है। तोरपा में रामजन्मोत्सव को लेकर रामभक्तों में उत्साह का माहौल है। सभी पूजा की तैयारी में जोर-शोर से जुटे हैं। तोरपा व तपकरा में भी रामनवमी पूजा की विशेष तैयारी की गयी है। गली-मुहल्ले से लेकर मुख्य चौक महावीरी पताकों से पटा हुआ है। मेन रोड स्थित महावीर मंदिर को आकर्षक ढंग से सजाया गया है। मेन रोड की सड़क के दोनों ओर दर्जनों महावीरी पताका लहरा रहा है। तोरपा में पारंपरिक ढंग से रामनवमी का त्योहार घर-घर में मनाया जाएगा। झंडा पूजा कर घरों के सामने महावीरी पताका लहराया जाएगा। महानवमी को सुबह में पूजा अर्चना का दौर चलेगा। दोपहर बाद महावीरी झंडों के साथ विशाल शोभायात्रा निकाली जाएगी। शोभायात्रा परंपरागत मार्ग से होकर गुजरेगी। इस दौरान बजरंगबलि के भक्त अस्त्र-शस्त्र का करतब भी दिखाएंगे। महासमिति के अध्यक्ष अमित जायसवाल, महासचिव दीपक तिग्गा, कोषाध्यक्ष रोशन जायसवाल ने बताया कि रामनवमी महोत्सव की सभी तैयारी पूरी कर ली गयी है। शनिवार रात में अष्टमी जुलूस निकाली जाएगी। नवमी को विशाल शोभायात्रा, दशमी को अस्त्र शस्त्र चालन प्रतियोगिता का आयोजन होगा। रामनवमी पूरे भक्तिभाव के साथ आनंद के वातावरण में मनायी जायेगी।
झांकी होगा आकर्षण का केन्द्र:
तोरपा में रामनवमी के दिन रविवार को भव्य शोभायात्रा निकाली जाएगी। शोभायात्रा में कई झांकियां होंगी। झांकी में बजरंगबली का विशाल रूप व श्रीराम परिवार देखने को मिलेगा।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।