बैंक खाते से एक करोड़ 31 लाख रुपए हड़पनेवाले को जेल
अनगड़ा में संध्या देवी और उनके पति के बैंक खाते से 1.31 करोड़ रुपये की धोखाधड़ी से निकासी करने के आरोपी सुरेश प्रजापति को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया। संध्या देवी ने अगस्त 2023 में पुलिस में शिकायत की...

अनगड़ा, प्रतिनिधि। थाना क्षेत्र के बोनढीपा की संध्या देवी और उसके पति पुशुवा मुंडा के बैंक खाते से धोखाधड़ी कर एक करोड़ 31 लाख रुपये की निकासी करने के आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर शनिवार को जेल भेज दिया। आरोपी सुरेश प्रजापति जोन्हा का निवासी है। इस संबंध में पीड़िता संध्या देवी ने अगस्त 2023 में थाने में सुरेश प्रजापति के खिलाफ नामजद प्राथमिकी दर्ज कराई थी। प्राथमिकी के अनुसार 27 जनवरी 2021 को अनगड़ा में दो एकड़ 33 डिसमिल जमीन बालाजी कंपनी को जोन्हा के सुरेश प्रजापति ने तुपूदाना के एक अन्य व्यक्ति के माध्यम से बिक्री की थी। इसके बदले में संध्या देवी और उसके पति पुशुवा मुंडा के संयुक्त खाता (एचडीएफसी बैंक कांटाटोली चौक रांची शाखा) में एक करोड़ 32 लाख रुपए कंपनी ने जमा किया था। इस बैंक में खाता सुरेश के माध्यम से खोला गया था। सुरेश ने जालसाजी कर इस बैंक में अपना मोबाइल नंबर रजिस्टर्ड करवा लिया था। इसके बाद सुरेश ने एक और खाता सेन्ट्रल बैंक ऑफ इंडिया गोंदलीपोखर में यह कहकर खुलवाया कि यहां पैसा को ट्रांसफर करवा दिया जाएगा तो निकासी में आसानी होगी। इसके बाद पैसा ट्रांसफर करवाने के नाम पर जून 2021 से जुलाई 2022 तक कई बार चेक में संयुक्त हस्ताक्षर करवाकर सुरेश पैसे की निकासी करता रहा। इधर, 27 नवंबर 2022 को पुशुआ मुंडा का निधन हो गया। इसके बाद 23 जुलाई 2023 को जब उसकी पत्नी एचडीएफसी बैंक में पैसा निकालने गई तो बताया गया कि उसके खाते में मात्र 2999 रुपए शेष है। इधर, सेन्ट्रल बैंक ऑफ इंडिया में भी पैसे नहीं है। उसने आरोप लगाया था कि सुरेश प्रजापति, उसके सहयोगी और एचडीएफसी बैंक के शाखा प्रबंधक की मिलीभगत से उनके खाते से एक करोड़ 31 लाख रुपए निकाल कर हड़प लिया गया है। इस मामले में पुलिस जांच में सुरेश प्रजापति पर लगाए गए आरोप सही पाए गए, इसके बाद कोर्ट के आदेश पर उसे गिरफ्तार कर जेल भेजा गया।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।