रांची समेत 14 जिलों में आंधी के साथ ओलावृष्टि का ऑरेंज अलर्ट
झारखंड के दक्षिणी भाग के 14 जिलों में अगले 24 घंटों में आंधी-बारिश और ओले गिरने का ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। मौसम विभाग के अनुसार, कई जिलों में वज्रपात भी हो सकता है। पिछले 24 घंटों में बारिश हुई...

रांची, वरीय संवाददाता। झारखंड के दक्षिणी भाग के 14 जिलों में अगले 24 घंटों के दौरान आंधी-बारिश के साथ कुछ जगहों पर ओले गिरने का ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। इस बीच कुछ जगह वज्रपात भी होने के आसार हैं। इन जिलों में रांची समेत कोल्हान के सभी जिले और पश्चिम बंगाल से सटे जिले शामिल हैं। राज्य में 24 फरवरी तक आसमान में बादल छाए रह सकते हैं। मौसम विभाग के अनुसार बांग्लादेश के उत्तरी भाग लेकर तेलांगना तक एक निम्न दबाव क्षेत्र ओडिशा के उत्तरी भाग से होकर गुजर रहा है। इसके चलते झारखंड के दक्षिणी भाग पर असर पड़ रहा है।
मौसम विज्ञानियों के मुताबिक शनिवार को संताल के सभी जिलों समेत रांची, सिमडेगा, खूंटी, रामगढ़, बोकारो, धनबाद, गिरिडीह, देवघर, दुमका, पाकुड़, जामताड़ा आदि जिलों में ओलावृष्टि के साथ तेज हवा और वज्रपात की चेतावनी जारी की गई है।
राज्य में पिछले 24 घंटों के दौरान कई जिलों में बारिश हुई है। सबसे अधिक खूंटी के तोरपा में 82.4 मिमी बारिश हुई। इसके अलावा पूर्वी सिंहभूम 28.6 मिमी, पश्चिमी सिंहभूम 23.0 मिमी, हेंदेगिर 16.2 मिमी, पत्थरगामा 13.2, घाघरा 14.2 मिमी, रामगढ़ 6.4 मिमी, जमशेदपुर में 3.2 मिमी समेत कई जगहों पर हल्की बारिश दर्ज किए गए।
इस बीच पिछले 24 घंटों के दौरान रांची में आसमान साफ रहा। साथ ही राज्य के अधिकांश जिलों के अधिकतम तापमान में वृद्धि दर्ज की गई है। रांची का अधिकतम तापमान 28.6 डिग्री और न्यूनतम तापमान 15.6 डिग्री रहा। राज्य में सबसे ज्यादा अधिकतम तापमान सरायकेला खरसांवा का 35.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। राज्य में सामान्य तापमान औसत तापमान करीब दो से लेकर सात डिग्री अधिक हुई।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।