Hindi NewsJharkhand NewsRanchi NewsJharkhand s JMM Accuses BJP of Exploiting Tribal Heroes for Politics

भाजपा आदिवासी नायकों के नाम पर कर रही ओछी राजनीति : विनोद पांडेय

झारखंड की संस्कृति, इतिहास और आदिवासी अस्मिता को अपमानित करती रही भाजपा, अपने शासनकाल में जल, जंगल, जमीन को कॉरपोरेट घरानों को देने की साजिश रची

Newswrap हिन्दुस्तान, रांचीFri, 9 May 2025 08:09 PM
share Share
Follow Us on
भाजपा आदिवासी नायकों के नाम पर कर रही ओछी राजनीति : विनोद पांडेय

रांची। हिन्दुस्तान ब्यूरो झामुमो ने भाजपा पर आदिवासी नायकों के नाम पर ओछी राजनीति करने का आरोप लगाते हुए उसकी कड़ी निंदा की है। झामुमो के महासचिव सह प्रवक्ता विनोद कुमार पांडेय ने कहा कि भाजपा एक ओर आदिवासी नायकों के सम्मान का ढोंग करती है, जबकि दूसरी ओर झारखंड की संस्कृति, इतिहास और आदिवासी अस्मिता को लगातार अपमानित करती रही है। महासचिव पांडेय ने कहा कि भाजपा को झारखंड के गौरवशाली आदिवासी नायकों के बलिदान और उनकी विरासत पर टिप्पणी करने का कोई नैतिक अधिकार नहीं है। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा ने अपने शासनकाल में जल, जंगल, जमीन को कॉरपोरेट घरानों के हवाले करने की साजिश रची और आदिवासियों की मूलभूत समस्याओं को नजरअंदाज किया।

झामुमो ने कहा कि भगवान बिरसा मुंडा, सिदो-कान्हू, तिलका मांझी, वीर बुधू भगत जैसे आदिवासी नायकों ने औपनिवेशिक शोषण और सामाजिक अन्याय के खिलाफ संघर्ष किया था। लेकिन भाजपा ने अपने कार्यकाल में इनके आदर्शों को कुचलने का प्रयास किया। पार्टी ने 2017 के भूमि अधिग्रहण संशोधन विधेयक का हवाला देते हुए कहा कि इस कानून के जरिए आदिवासियों की जमीन छीनने की कोशिश की गई, जिसे झामुमो और आदिवासी समाज के विरोध के चलते विफल कर दिया गया। प्रवक्ता पांडेय के अनुसार भाजपा ने बिरसा मुंडा की जयंती को राष्ट्रीय जनजातीय गौरव दिवस के रूप में मनाने जैसे प्रतीकात्मक कदम उठाए, लेकिन जमीनी स्तर पर आदिवासियों के हक में ठोस नीतियां बनाने में वह पूरी तरह विफल रही। 2024 के लोकसभा और विधानसभा चुनावों में आदिवासी बहुल सीटों पर भाजपा की करारी हार इस बात का प्रमाण है कि झारखंड की जनता उनके झूठे वादों को समझ चुकी है। पार्टी ने कहा कि हेमंत सोरेन के नेतृत्व में झामुमो ने आदिवासियों के हितों को प्राथमिकता दी है। झामुमो महासचिव ने कहा, वह भाजपा के पाखंड को बेनकाब करते रहेंगे और आदिवासियों के हक, सम्मान और स्वाभिमान की रक्षा के लिए संघर्ष जारी रखेंगे। उन्होंने झारखंड की जनता से अपील की कि वे भाजपा के विभाजनकारी एजेंडे को पहचानें और एकजुट होकर अपने गौरवशाली इतिहास की रक्षा करें।

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।

अगला लेखऐप पर पढ़ें