Hindi NewsJharkhand NewsRanchi NewsJharkhand Police Association Elections Mahadhiveshan Held with DGP Anurag Gupta

झारखंड पुलिस एसोसिएशन का चुनाव आज सुबह 8 बजे से, परिणाम रात में

झारखंड पुलिस एसोसिएशन के चुनाव के लिए महाधिवेशन का आयोजन लाइन टैंक रोड में हुआ। मुख्य अतिथि डीजीपी अनुराग गुप्ता रहे। कार्यक्रम में समस्याओं और चुनाव पर चर्चा की गई। मतदान 28 फरवरी को होगा, जिसमें...

Newswrap हिन्दुस्तान, रांचीThu, 27 Feb 2025 09:42 PM
share Share
Follow Us on
झारखंड पुलिस एसोसिएशन का चुनाव आज सुबह 8 बजे से, परिणाम रात में

रांची, वरीय संवाददाता। झारखंड पुलिस एसोसिएशन के चुनाव के मद्देनजर लाइन टैंक रोड में गुरुवार को चार सत्रों में महाधिवेशन का आयोजन हुआ। मुख्य अतिथि डीजीपी अनुराग गुप्ता थे। अधिवेशन में बिहार प्रांत के अध्यक्ष मृत्युंजय सिंह भी आए हुए थे। सुबह 11 बजे शुभारंभ होने के बाद कार्यक्रम रात नौ बजे तक चला। प्रत्येक सत्र में समस्याओं, समाधान और चुनाव सहित कई विषयों पर विचार-विमर्श किया गया। शुक्रवार (28 फरवरी) की सुबह आठ से शाम पांच बजे तक मतदान होगा। पूरे राज्य में 1056 वोटर के लिए जिलावार अलग-अलग समय निर्धारित कर दिया गया है। रांची में 79 वोटर मतदान करेंगे। प्रत्येक मतदाता को कुल सात पदधारियों एक अध्यक्ष, एक महामंत्री, दो उपाध्यक्ष, दो संयुक्त सचिव और एक संगठन महासचिव का चुनाव करना होगा। मौके पर डीजीपी अनुराग गुप्ता ने पुलिस अफसरों को यह भरोसा दिलाया कि जो भी प्रमोशन के काम बाकी हैं, उसे हर हाल में पूरा किया जाएगा। इसके साथ ही ट्रांसफर-पोस्टिंग में भी पूरी पारदर्शिता बरती जाएगी। डीजीपी ने कहा कि नक्सल प्रभावित जिला और नक्सल मुक्त जिले की बात पुरानी हो गयी है। राज्य में मात्र पश्चिमी सिंहभूम ही नक्सल प्रभावित है। इसलिए, जिन्हें जहां पोस्टिंग मिले, वहां ईमानदारी से नौकरी करनी है। चार सत्रों के अधिवेशन के पहले सत्र में अतिथियों ने वक्तव्य दिया। दूसरे सत्र में पूर्व के केंद्रीय पदाधिकारियों ने अपने कार्यकाल के अनुभव साझा किए। वहीं, तीसरे सत्र में राज्यस्तरीय समस्याओं पर चर्चा करके कई प्रस्ताव पारित किए गए। साथ ही सार्वजनिक मुद्दों पर बात की गई। वहीं, चौथे और आखिरी सत्र में पर्यवेक्षकों ने मतदान से जुड़ी जानकारियां दी। इसमें उम्मीदवारों ने भी विचार रखे।

परिचय पत्र लगाना जरूरी

अधिवेशन में बताया गया कि सभी प्रतिनिधियों को मतदान के दिन पहचान पत्र गले में पहनकर आना होगा। मतदान केंद्र पर केवल प्रतिनिधियों को ही रहने की अनुमति रहेगी। सेवानिवृत्त कर्मियों को मतदान का अधिकार नहीं है।

छह बजे मतगणना शुरू होगी

पांच बजे मतदान संपन्न होने के एक घंटे बाद छह बजे से मतगणना शुरू हो जाएगी। इसमें उम्मीदवार के एक-एक प्रतिनिधि शामिल होंगे। वहीं, एक मार्च को दोपहर दो बजे लाइन टैंक रोड में नई कमेटी का शपथ ग्रहण समारोह होगा।

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।

अगला लेखऐप पर पढ़ें