झारखंड आंदोलनकारियों को सम्मान राशि देने की मांग
झारखंड आंदोलनकारी संघर्ष मोर्चा की बैठक सिल्ली प्रखंड में हुई, जिसमें लंबित मांगों पर चर्चा की गई। प्रो. रतन लाल महतो ने सरकार से संवैधानिक अधिकार, जेल प्रमाण की बाध्यता खत्म करने और सम्मान राशि देने...

सिल्ली, प्रतिनिधि। झारखंड आंदोलनकारी संघर्ष मोर्चा की एक महत्वपूर्ण बैठक रविवार को सिल्ली प्रखंड के बंता उत्तरी पंचायत भवन में संपन्न हुई। बैठक की अध्यक्षता प्रो. रतन लाल महतो ने की, जिसमें झारखंड आंदोलनकारियों की लंबित मांगों और समस्याओं पर विस्तार से चर्चा की गई। बैठक में मोर्चा के संस्थापक सचिव पुष्कर महतो ने ऑनलाइन माध्यम से जुड़ते हुए कहा कि राज्य सरकार को चाहिए कि वह झारखंड आंदोलनकारियों को सम्मानजनक जीवन देने हेतु संवैधानिक अधिकार प्रदान करे। उन्होंने आंदोलनकारियों को जेल प्रमाण की बाध्यता खत्म करने, 50-50 हजार रुपये मासिक सम्मान राशि देने और आश्रितों एवं पोते-पोतियों को सीधी नियुक्ति देने की मांग रखी।
साथ ही, उन्होंने सरकार से यह भी आग्रह किया कि झारखंड के अमर आंदोलनकारियों की जीवनी को पाठ्यक्रम में शामिल किया जाए और चौक-चौराहों का नामकरण उनके नाम पर किया जाए। बैठक में प्रो. रतन लाल महतो ने झारखंड आंदोलनकारियों के पुत्र-पुत्री, पोता-पोती और आश्रितों को 5 प्रतिशत आरक्षण दिए जाने संबंधी राज्य सरकार के गजट नोटिफिकेशन पर आभार जताया। आंदोलनकारी लक्ष्मी नारायण महतो ने कहा कि जिस आंदोलन के दम पर राज्य बना, उसी के सच्चे सिपाही आज सम्मान और अधिकार से वंचित हैं। उन्होंने कहा कि अब फिर से आंदोलन करने की जरूरत है। इस मौके पर प्रो रतन लाल महतो, लक्ष्मी नारायण महतो, सुभद्रा देवी, विजय प्रसाद गुप्ता, अजीत कुमार महतो, सनत राम, डा. अवधेश कुमार हाजरा, डॉ दीपक महतो, अंगद, चन्द्रशेखर, भूपाल सोनार, नारायण सिंह मुंडा, राम कृष्ण कुम्हार, विशेश्वर महतो, काबिल अंसारी, मधुसूदन कोइरी, इदरीश अंसारी, परशुराम महतो, हरे कृष्ण कुमार, समुसुद्दीन अंसारी एवं सुचंद महतो आदि उपस्थित थे।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।