Hindi NewsJharkhand NewsRanchi NewsJharkhand Congress Prepares for Constitution Save Rally with Key Leaders Expected

संविधान बचाओ रैली में शामिल हो सकते हैं खरगे

संविधान बचाओ रैली की तैयारी को लेकर कांग्रेस ने की बैठक, अखिल भारतीय कांग्रेस के वरीय नेताओं को आमंत्रित किया गया

Newswrap हिन्दुस्तान, रांचीSat, 26 April 2025 09:24 PM
share Share
Follow Us on
संविधान बचाओ रैली में शामिल हो सकते हैं खरगे

रांची, हिन्दुस्तान ब्यूरो। संविधान बचाओ रैली की तैयारी को लेकर झारखंड प्रदेश मीडिया विभाग और कांग्रेस कोटे के बोर्ड-निगम के अध्यक्ष व सदस्यों की बैठक प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष केशव महतो कमलेश की अध्यक्षता में शनिवार को संपन्न हुई। केशव महतो कमलेश ने उन्हें विभिन्न कार्यों का प्रभार देकर विशेष दिशा-निर्देश दिया। रैली में कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे के भी शामिल होने की संभावना जतायी गई है।

कांग्रेस के प्रदेश प्रवक्ता सोनाल शांति ने बताया कि देश की वर्तमान राजनीतिक स्थिति के अनुसार पूरे देश में संविधान बचाओ रैली का आयोजन किया गया है। इसी क्रम में तीन मई को रांची में पुराना विधानसभा मैदान में रैली आयोजित की जा रही है। रैली में अखिल भारतीय कांग्रेस के वरीय नेताओं को आमंत्रित किया गया है। इसमें छत्तीसगढ़ के पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल, राजेश लिलोठिया, विक्रांत भूरिया, अनिल चंद्रा ने सहमति प्रदान कर दी है। इसके अलावा अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे, प्रियंका गांधी वाड्रा, केसी वेणुगोपाल, इमरान प्रतापगढ़ी सहित अन्य नेताओं की सहमति मिलने की भी उम्मीद जताई जा रही है।

उन्होंने कहा कि बैठक में पूरे प्रदेश स्तर पर मीडिया, सोशल मीडिया सहित अन्य प्रचार-प्रसार माध्यमों के द्वारा रैली के मुद्दों को व्यापक स्तर पर जनता के बीच प्रमुखता से रखने का निर्णय लिया गया। इस क्रम में प्रमंडल स्तर पर संवाददाता सम्मेलन का आयोजन और शहर के सभी चौक-चौराहों पर होर्डिंग आदि के माध्यम से रैली का प्रचार-प्रसार करने के संबंध में निर्देश दिया गया। जिला अध्यक्षों को भी इस संदर्भ में प्रचार-प्रसार करने का निर्देश दिया गया। उन्होंने बताया कि केंद्र सरकार द्वारा ईडी, सीबीआई व चुनाव आयोग जैसी संवैधानिक संस्थाओं की स्वतंत्रता छीनने के प्रयास, सोनिया गांधी व राहुल गांधी को नेशनल हेराल्ड के झूठे केस में फंसाने, न्यायपालिका को परोक्ष रूप से धमकाने, संविधान के बदलाव के प्रयास का विरोध रैली का मुख्य मुद्दा है। कांग्रेस किसी भी परिस्थिति में जनता को संविधान द्वारा प्रदत अधिकारों को छीनने नहीं देगी। संघर्ष का जो भी रास्ता नेतृत्व तय करेगा, उसे पर नेता-कार्यकर्ता चलेंगे। बैठक में प्रमुख रूप से रविंद्र सिंह, संजय लाल पासवान, राजीव रंजन प्रसाद, कुमार गौरव, राकेश सिन्हा, सतीश पॉल मुंजनी, लालकिशोर नाथ शाहदेव, सोनाल शांति, डॉ एम तौसीफ, अभिलाष साहू, निरंजन पासवान, जगदीश साहू, उज्ज्वल तिवारी, सूर्यकांत शुक्ला, खुर्शीद हसन रूमी, कृतिका पांडेय, राजन वर्मा, अमरेंद्र सिंह उपस्थित थे।

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।

अगला लेखऐप पर पढ़ें