जैक में एबीवीपी कार्यकर्ताओं का विरोध प्रदर्शन
झारखंड बोर्ड की 10वीं परीक्षा में हिन्दी और विज्ञान के पेपर लीक मामले को लेकर अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद ने जैक कार्यालय में विरोध-प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने मामले की निष्पक्ष जांच की मांग...

रांची, विशेष संवाददाता। झारखंड बोर्ड की 10वीं की परीक्षा में हिन्दी और विज्ञान के पेपर लीक मामले को लेकर अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद, रांची महानगर के कार्यकर्ताओं ने शुक्रवार को जैक कार्यालय परिसर में विरोध-प्रदर्शन किया। वहीं, प्रदर्शनकारी जैक अध्यक्ष को इस मामले की निष्पक्ष जांच और दोषियों पर कठोर कार्रवाई की मांग से संबंधित ज्ञापन सौंपने गए। विरोध-प्रदर्शन के दौरान एबीवीपी झारखंड के प्रदेश सह मंत्री ऋतुराज शाहदेव और सौरभ यादव को पुलिस ले गई। विद्यार्थी परिषद के कार्यकर्ताओं का कहना था कि शांतिपूर्ण तरीके से विद्यार्थियों के मुद्दों को लेकर जैक अध्यक्ष को ज्ञापन सौंपने गए थे, लेकिन प्रशासन ने सरकार के इशारे पर उनकी आवाज को दबाने का प्रयत्न किया। एबीवीपी की केंद्रीय कार्य समिति सदस्य दिशा दित्या ने कहा कि विद्यार्थी परिषद के कार्यकर्ताओं की आवाज को नहीं दबा सकती है। उन्होंने कहा कि 10वीं की परीक्षा संचालन में सरकार, शिक्षा विभाग और जैक बोर्ड विफल साबित हुआ है। इसे छुपाने के लिए सरकार प्रशासन को आगे कर रही है।
एबीवीपी के रांची जिला संयोजक पवन नाग ने कहा कि छात्र विरोधी झारखंड सरकार विद्यार्थियों की आवाज को दबाने के लिए प्रशासन का गलत तरीके से उपयोग कर रही है। लेकिन, पेपर लीक के इस मुद्दे को लेकर हम सरकार के साथ संघर्ष के लिए तैयार हैं।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।