रनिया में वृद्ध की पत्थर से कूचकर हत्या, आरोपी फरार
रनिया में 70 वर्षीय रंथू सिंह की हत्या पत्थर से की गई। उनकी पत्नी पार्वतीन देवी ने बताया कि बिरसा प्रधान ने शराब पीने के बहाने उन्हें घर से बुलाया। अगले दिन शव 500 मीटर दूर मिला। आरोपी फरार है और...

रनिया, प्रतिनिधि। थाना क्षेत्र के उसराम बेलटोली में 70 वर्षीय वृद्ध रंथू सिंह की पत्थर से कूचकर हत्या कर दी गई। घटना सोमवार की रात लगभग सात बजे की है। मृतक की पत्नी पार्वतीन देवी ने बताया कि सोमवार की रात गांव के बिरसा प्रधान जो पिछले एक वर्ष से रनिया के हरासुकू में किराये के मकान में रह रहा था, उनके पति को शराब पीने के बहाने घर से बुलाकर ले गया। उस समय पार्वतीन देवी अपने बच्चों के साथ खाना बना रही थीं। जब रंथू सिंह देर रात तक घर नहीं लौटा तो परिवार के लोग सो गए। अगले दिन सुबह घर से 500 मीटर दूर उसका शव मिला। पार्वतीन देवी ने बताया कि रंथू सिंह खेतीबारी के साथ ओझा-गुणी का भी काम करते थे। बिरसा प्रधान के साथ पहले भी इसी बात को लेकर विवाद हुआ था, परंतु बाद में समझौता हो गया था। हत्या के बाद से आरोपी बिरसा प्रधान फरार है। मंगलवार की सुबह घटना की सूचना मिलते ही रनिया पुलिस मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए खूंटी सदर अस्पताल भेज दिया। थाना प्रभारी विकास कुमार जायसवाल के नेतृत्व में पुलिस आरोपी की गिरफ्तारी में जुट गई है। घटना के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है, वहीं पूरे गांव में मातम पसरा हुआ है।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।