कृषि के क्षेत्र में नवाचार और तकनीक को बढ़ाने का आह्वान
रांची के मोरहाबादी स्थित रामकृष्ण मिशन आश्रम में 29वीं वैज्ञानिक सलाहकार समिति की बैठक हुई। बैठक में कृषि की उन्नति, आधुनिक तकनीक के प्रयोग, महिला सशक्तिकरण और युवाओं को रोजगार के लिए प्रशिक्षण पर...

रांची, वरीय संवाददाता। मोरहाबादी के रामकृष्ण मिशन आश्रम दिव्यायन कृषि विज्ञान केंद्र की ओर से गुरुवार को 29वीं वैज्ञानिक सलाहकार समिति की बैठक हुई। भारतीय कृषि अनुसंधान परिषद कृषि प्रौद्योगिकी अनुप्रयोग अनुसंधान संस्थान जोन चार पटना द्वारा हुए आयोजन में रांची जिले में कृषि की उन्नति को लेकर वार्षिक कार्य योजना पर विचार किया गया। समेति के निदेशक विकास कुमार ने कृषि वैज्ञानिक, अधिकारी एवं किसानों को खेती के क्षेत्र में नवाचार, तकनीक के प्रयोग को बढ़ावा देने के लिए प्रेरित किया। आश्रम के सचिव स्वामी भावेशानंद महाराज बोले, आधुनिक कृषि तकनीक को किसानों तक पहुंचाना कृषि विज्ञान केंद्र की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी है।
डॉ डीवी सिंह ने महिला सशक्तिकरण, युवाओं को रोजगारोन्मुख प्रशिक्षण, कुपोषण निवारण, कृषि को व्यवसाय के रूप में अपनाने पर कार्य करने की जरूरत पर बल दिया। आईसीएआर प्लांडू के प्रधान वैज्ञानिक डॉ आरएस पान ने रोग प्रतिरोधी सब्जियों के प्रचार-प्रसार, सोयाबीन के उन्नत प्रभेद स्वर्ण वसुंधरा को बढ़ावा देने की आह्वान किया। डॉ मौनोबरुल्लाह व डॉ. अमरेंद्र कुमार ने भी विचार रखे। मौके पर पोषक अनाज आधारित पाक कला तकनीकी पुस्तिका का विमोचन किया गया। केंद्र के वरिष्ठ वैज्ञानिक एवं प्रमुख डॉ अजीत सिंह ने आगतों का स्वागत, कार्यक्रम का संचालन डॉ. रवीन्द्र कुमार सिंह व धन्यवाद ज्ञापन डॉ अमरेन्द्र कुमार ने किया। बैठक में रांची जिले के प्रगतिशील किसान, जिला स्तरीय कृषि, उद्यान, पशुपालन, नाबार्ड, जेएसएलपीएस, जेटीडीएस समेत कई विभाग के पदाधिकारी शामिल हुए।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।