Hindi NewsJharkhand NewsRamgarh NewsElderly Woman Abused by Son Investigation Launched in Ramgarh

सीसीएलकर्मी अखिलेश को जारी करेंगे शॉकाज

सीसीएल अरगड़ा जीएम एसके झा ने लिया संज्ञान, अखिलेश के कृत्य से मर्माहत है पूरा कोल इंडिया, मामला उजागर होने के 48 घंटे बाद पुत्र को हुआ अफसोस, कहा- मा

Newswrap हिन्दुस्तान, रामगढ़Sat, 22 Feb 2025 12:12 AM
share Share
Follow Us on
 सीसीएलकर्मी अखिलेश को जारी करेंगे शॉकाज

रामगढ़, शहर प्रतिनिधि। अरगड़ा में कलयुगी पुत्र के द्वारा 65 वर्षीय माता संजू देवी को घर में भूखा बंद कर कुंभ स्नान जाने की घटना पर उपायुक्त चंदन कुमार ने एक दिन पूर्व ही संज्ञान लेकर जांच और कार्रवाई का जिम्मा अनुमंडल पदाधिकारी अनुराग कुमार तिवारी को दिया है। त्वरित कार्रवाई के तहत अखिलेश 27 फरवरी को अनुमंडल कोर्ट तलब किए गए। जहां उन पर वरिष्ठ नागरिकों के भरण पोषण कल्याण अधिनियम 2007 के तहत वाद चलेगा। इधर एक दिन बाद सीसीएल अरगड़ा जीएम एसके झा ने भी संज्ञान लिया। उन्होंने हिन्दुस्तान संवाददाता से बातचीत में कहा कि अखिलेश के कृत्य से देश लेवल पर समूचे कोल इंडिया की बदनामी हुई है। इससे सीसीएल अरगड़ा क्षेत्र परिवार के सदस्य ज्यादा मर्माहत हैं। अभी मैं पुत्री के शादी कार्यक्रम में व्यस्त हूं। छुट्टी से लौटते ही सीसीएल स्तर से भी मामले की जांच की जाएगी। कर्मी अखिलेश को शॉकाज जारी कर जवाब मांगा जाएगा। इसके आधार पर अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी। कहा कि सीसीएल एक प्रतिष्ठित संस्था है। हमारा दायित्व केवल कोयला उत्पादन और बेचने तक नहीं है। बल्कि सामाजिक कार्यों में हमारी भूमिका अग्रणी रहती है। अखिलेश के कृत्य से सीसीएल की भी छवि धूमिल हुई है। इसे किसी भी कीमत पर स्वीकार नहीं किया जाएगा। मामले पर जवाबदेही के साथ कार्रवाई तय करेंगे।

- वृद्धा का रांची के शैंफॉर्ड हॉस्पीटल में चल रहा इलाज

पुत्र की यातना का शिकार वृद्धा संजू देवी का इलाज रांची के शैंफॉर्ड हॉस्पीटल में चल रहा है। फिलहाल उनकी स्थिति सामान्य बताई जा रही है। उनके स्वास्थ्य में पहले से काफी सुधार है। सबकुछ ठीक होने पर जल्द वह अपने क्वार्टर लौट सकती है। इधर मामला उजागर होने के 48 घंटे बाद पुत्र अखिलेश को अफसोस हुआ। उसने हिन्दुस्तान से बातचीत में सीसीएल अरगड़ा क्षेत्र के सिरका कोलियरी में कार्यरत सीसीएल कर्मी ने मां को अकेले घर छोड़कर जाने को जीवन का सबसे बड़ा गलती बताया। इस तरह की गलती भविष्य में कभी नहीं करने की बात कही। कहा कि घटना को लेकर मुझे भी काफी पछतावा है। फिलहाल रांची में मां का बेहतर इलाज में जुटा हूं।

- केस आईओ बने दारोगा सुमंत कुमार रॉय

वृद्धा संजू देवी के साथ अमानवीय घटना को लेकर उनकी पुत्री चांदनी देवी ने एक दिन पूर्व रामगढ़ थाना में आवेदन दिया था। उसमें उन्होंने भाभी पर अपनी माता की हत्या की नीयत से साजिश रचने का गंभीर आरोप लगाया है। इस पर रामगढ़ थाना प्रभारी कृष्ण कुमार ने दारोगा सुमंत कुमार रॉय को केस आईओ प्रतिनियुक्त किया है। इस बाबत सुमंत रॉय ने हिन्दुस्तान से बातचीत क्रम में कहा कि मामले का जांच अधिकारी बनाया गया है। केस के बाबत जानकारी जुटा रहा हूं। अभी वृद्ध माता का रांची में इलाज चल रहा है। उनके लौटते ही केस से संबंधित सभी लोगों से मिलकर जानकारी ली जाएगी। दोषी किसी भी कीमत पर बख्शे नहीं जाएंगे।

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।

अगला लेखऐप पर पढ़ें