एसी कोच में बिजली-पानी के बिना रवाना कर दी गयी चोपन-रांची एक्सप्रेस
मेदिनीनगर में शनिवार सुबह चोपन से रांची एक्सप्रेस को बिना बिजली और पानी के रवाना किया गया। यात्री असुविधाओं से परेशान रहे, हेल्पलाइन पर शिकायत करने के बावजूद कोई समाधान नहीं मिला। धनबाद और रांची...

मेदिनीनगर, प्रतिनिधि। एसी चेयर कार में बिजली व पानी का कनेक्शन दिये बिना ही रांची एक्सप्रेस को शनिवार सुबह चोपन से रवाना कर दिया गया। कोच में दिए गए हेल्प लाईन नंबर पर समस्या बताने के बाद भी मामला रांची व धनबाद डिवीजन का होने की बात कहकर यात्रियों की कोई सुनवाई नहीं की गयी। इससे एसी का किराया देने के बाद भी बिजली व पानी के बिना ही रेलवे प्रबंधन को कोसते हुए यात्री गंतव्य की ओर जाने को विवश हुए। चोपन से ट्रेन पर सवार मनोज बरनवाल ने बताया कि शुरू से ही कोच में एसी नहीं चल रहा था। साथ ही ट्वायलेट के साथ ही पूरा कोच जहां गंदगी से भरा पड़ा था। कोच में पानी भी नहीं आ रहा था। विनीता मदानी ने बताया कि उन्होंने आरामदायक सफर के लिए रांची के लिए 715 रुपये में तत्काल टिकट लेकर ट्रेन में चढ़ी। किंतु उन्हें क्या पता था कि उन्हें बिजली-पानी के बिना सफर करना पड़ेगा। गढ़वा टाउन से ट्रेन में सवार हुए आशीष राज, आकाश आदि ने बताया कि हेल्पलाईन नंबर से उन्हें समस्या समाधान की जगह धनबाद डिवीजन कंप्लेन शेल का नंबर दे दिया गया। वहां बात करने पर रांची डिवीजन में बात करने को कहा गया। कोच का एक तरफ का दरवाजा भी टूटा है। ऐसे में एसी चलने से भी कोई लाभ मिलने की उम्मीद नहीं दिख रही है। यात्री धनंजय पांडेय की भी यही व्यथा रही।
धनबाद व रांची डिवीजन में दिखा विरोधाभास : इस संबंध में धनबाद व रांची डिवीजन से संपर्क करने पर परस्पर विरोधाभासी बातें सामने आयीं। धनबाद डिवीजन के कंप्लेन सेल अटेंडेंट ने बताया कि क्योंकि ट्रेन से रांची से खुलती है। इसलिए रेलवे शेड्यूल के अनुसार उसमें मैकेनिक उपलब्ध कराना रांची डिवीजन की जिम्मेदारी है। इसके बाद भी समस्या पता चलने पर उन्होंने बरवाडीह में पावर कनेक्शन दुरूस्त करा दिया। रांची डिवीजन के इलेक्ट्रिल कंट्रोल अटेंडेंट ने बताया कि बगैर कोई सूचना दिये ही धनबाद डिवीजन ने ट्रेन को एक सप्ताह पूर्व चोपन से महाकुंभ स्पेशल बनाकर रवाना कर दिया था। कितने दिन बाद ट्रेन वापस आएगी इसकी कोई जानकारी नहीं दी गयी। ऐसे में उन्होंने ट्रेन के साथ गये अपने मैकेनिक को वापस बुला लिया था। उसके बाद रांची डिवीजन को सूचना दिये बिना ही ट्रेन को शनिवार सुबह चोपन से रवाना कर दिया गया। ऐसे में धनबाद डिवीजन को एसी कोच में पावर व पानी का कनेक्शन दे देना चाहिए था। हालांकि समस्या की जानकारी होने पर उन्होंने तत्काल टोरी स्टेशन पर ट्रेन में मैकेनिक उपलब्ध करा दिया। हालांकि दो डिवीजनों की खींचतान में परेशानी तो यात्रियों को ही उठानी पड़ी।
यात्री सुविधा में फिसड्डी धनबाद रेल मंडल : यात्री को असुविधा पर खेद जताते हुए रेल उपभोक्ता संघर्ष समिति पलामू के संयोजक प्रेमतोष सिंह ने रेलवे की कार्यशैली पर तीखी नाराजगी जताई है। उन्होंने कहा कि भले ही धनबाद डिवीजन राजस्व संग्रह में पूरे देश में अव्वल हो। किंतु यात्री सुविधा के मामले में यह पूरी तरह फिसड्डी है। सीआईसी रेलखंड पर चलने वाली पैसेंजर ट्रेनों की लेट लतीफी से जहां गरीब जनता बेहाल है। वहीं रूट पर चलने वाले पलामू एक्सप्रेस सहित अहम इंटरिसटी एक्सप्रेसों की बदहाली से यात्रियों को भारी परेशानी हो रही है।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।