अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस पर शंखधारा महिला विकास मंडल का वार्षिक महा अधिवेशन संपन्न
महिलाओं ने पुरुषों से अधिक मेहनत की है। सांसद सुखदेव भगत ने अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस पर कुडू में कहा कि महिलाएं सही काम के अनुसार काम करें, जिससे वे सफल हो सकें। उन्होंने पलायन रोकने के लिए सरकार की...

कुडू, प्रतिनिधि। हमारी माताएं-बहनें पुरुषों से भी ज्यादा मेहनत करती हैं। केवल हल चलाने की बात छोड़ दें, तो हर क्षेत्र में महिलाएं आज अधिक काम कर रही हैं। महिलाएं सही काम के विषय में सोचकर मार्केट डिमांड के अनुसार काम करें। तो और भी सफल होंगी। उक्त बातें लोहरदगा कुडू प्रखण्ड के मंगल बाजार में शनिवार को अंतराष्ट्रीय महिला दिवस पर शंखधारा महिला विकास मंडल के वार्षिक महाअधिवेशन में मुख्य अतिथि के रूप में सभा को संबोधित करते हुए स्थानीय सांसद सुखदेव भगत ने कही। उन्होने कहा कि सोनिया गांधी ने महिलाओं को स्वरोजगार से जोड़ने के लिए कई काम किये हैं। आज राज्य या हमारे क्षेत्र में काम की कमी नहीं है। बावजूद इसके यहां के मजदूर बाहर पलायन करते हैं। वैसे लोगों को पलायन करने से रोकने के लिए सरकार ने पलास के माध्यम से एक बड़ा मंच दिया है। नया महिला मंडल बनायें। बैंक से हर महिला मंडल को एक से डेढ़ लाख तक हम बैंक से चक्रीय निधि शिविर लगवाकर फंड देंगे। हमें आपके विकास के लिए डीसी, मुख्यमंत्री सहित सभी जगहों पर बोलकर काम करेंगे। हमने सरना धर्म कोड का मुद्दा लोकसभा में उठाएं। नशापान पर उन्होने कहा कि हमारे परिवार का सबसे बड़ा दुश्मन नशापान है। इसे त्यागना अत्यंत ज़रूरी है। छोटा-छोटा चीज से भी हम आगे बढ़ सकते है। शराब बेचना छोड़कर वैकल्पिक कार्य महिलाओं को करना चाहिए। उन्होंने डायन प्रथा पर रोक लगाने और लोगों को जागरूक करने के लिए आगे आने की बात कही। उन्होंने कहा कि लोग विधवा, कमजोर महिलाओं को डायन-बिसाही करार देकर उसे परेशान करते हैं। जो बिल्कुल बर्दाश्त के काबिल नहीं है। उन्होंने बारी बारी से सभी महिला मंडलों के पंडाल का भ्रमण कर महिलाओं के साथ बैठकर बात की। और महिला मंडल के स्टाल में जाकर उनके उत्पादों का निरीक्षण किया। शंख धारा महिला विकास मंडल की अध्यक्ष बालवती देवी ने मंडल का प्रगति पत्र प्रस्तुत करते हुए बताई कि कुडू प्रखंड के 14 गांवों के 52 महिला मंडल के साथ 2007 में शुरू हुए शंख धारा में आज 64 गांवों के 1108 महिला मंडलों, 70 ग्राम संगठन और तीन क्लस्टर का निर्माण किया गया है। इस आर्थिक वर्ष में एक करोड़ 82 लाख चक्रीय निधि, महिला समूहों को लगभग साढ़े पांच करोड़ सामुदायिक निवेश निधि दिया गया है। कार्यक्रम के दौरान महिला समूहों ने एक से बढ़कर एक सांस्कृतिक कार्यक्रम, नुक्कड़ नाटक के माध्यम से सामाजिक कुरीतियां दूर करने के लिए जागरूकता लाने का प्रयास किया। मौके पर पूर्व विधायक केके भगत की पत्नी नीरू शांति भगत, आलोक साहु, विक्की खान, समिति सचिव सुशीला देवी, कोषाध्यक्ष रीता, प्रबंधक दीपक गुप्ता, संस्था के इकबाल, धनंजय, गणेश, मनिता, छोटू, प्रदीप, लालचंद, व्यास के अलावा भारी संख्या में महिलाएं मौजूद थी।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।