कलश यात्रा, हरि कीर्तन और भंडारे में उमड़े श्रद्धालु
लोहरदगा में सोमवार को शांति नगर देवस्थल मंदिर का 12वां वार्षिक उत्सव मनाया गया। कलश यात्रा, हरि कीर्तन और भंडारे के साथ, पूजा कार्यक्रम बड़े धूमधाम से आयोजित किए गए। भक्तों ने जलाभिषेक कर स्वस्थ जीवन...

लोहरदगा, संवाददाता। कलश यात्रा, हरि कीर्तन और भंडारे सहित पूजा-आराधना के कार्यक्रमों के साथ सोमवार को लोहरदगा किस्को मोड़ शांति नगर देवस्थल मंदिर का 12वां वार्षिक उत्सव भव्य रूप से मनाया गया। सोमवार प्रातः शंख नदी से कलश यात्रा प्रारंभ हुई। वैदिक मंत्रोच्चार पुरोहित आचार्य वंशीधर मिश्र ने करते हुए इसकी शुरूआत की। मुख्य यजमान सपत्नीक दीपक कुमार के साथ महिलाओं-बालिकाओं ने विधि विधान से कलश में जल लेकर देवस्थल तक कलश यात्रा में भागीदारी की। गीत-संगीत, गाजे बाजे से साथ भगवान भोले शंकर, माता रानी की जय, हर हर महादेव, राम लखन जानकी जय बोलो हनुमान की, आदि के जयघोष करते हुए देवस्थल पहुंचकर भगवान शिव मंदिर में जलाभिषेक कर सभी के समृद्धि, स्वस्थ जीवन और विश्व कल्याण की कामना की।
इसमें बड़ी संख्या में युवा और किशोर भी शामिल रहे। आचार्य सूरज मिश्र के नेतृत्व में पूरे विधि-विधान के साथ वैदिक मंत्रोच्चार के साथ मंदिर में पूजन किया गया। आसपास का वातावरण पूरे भक्तिभाव और मंत्रोच्चार से गुंजायमान हो रहा था। प्रसाद वितरण के उपरांत 12 घंटे का अखंड हरि कीर्तन का भी आयोजन किया गया, जो रात नौ बजे तक जारी रहा। कीर्तन मंडली और नारी शक्ति संयुक्त रूप से पूरे मनोभाव के साथ हरे कृष्ण, हरे राम के माध्यम से वातावरण को भक्तिमय बना दिया। दोपहर दो बजे से भंडारे का आयोजन हुआ, जिसमें बड़ी संख्या में भक्तों ने प्रसाद ग्रहण किया। कार्यक्रम के आयोजन में लोहरदगा पुलिस प्रशासन, देवस्थल मंदिर समिति, मातृ शक्ति, युवा शक्ति सहित कुटमू, पतराटोली, किस्को मोड़, शांति नगर, ब्लाक कालोनी, ब्लाक मोड़, कचहरी मोड़, कचहरी, आदर्श नगर, पावरगंज और समीपवर्ती क्षेत्र के श्रद्धालुगणों का सहयोग रहा।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।