भगवान बुद्ध का जीवन दर्शन मानव कल्याण के लिए है-- एसके झा
लोहरदगा के ग्रेटर त्रिवेणी पब्लिक स्कूल में भगवान गौतम बुद्ध की जयंती धूमधाम से मनाई गई। प्राचार्य एसके झा ने उनके जीवन-मूल्यों को आत्मसात करने का महत्व बताया। शिक्षक सुबीर चक्रवर्ती ने सत्य और अहिंसा...

लोहरदगा, संवाददाता।ग्रेटर त्रिवेणी पब्लिक स्कूल, लोहरदगा में सोमवार को भगवान गौतम बुद्ध की जयंती धूमधाम के साथ मनाई गई। सबसे पहले भगवान बुद्ध के चित्र पर पुष्पार्चन कर उनके द्वारा प्रतिपादित जीवन-मूल्यों को आत्मसात करने का संकल्प लिया गया। प्राचार्य एसके झा ने कहा कि भगवान बुद्ध का जीवन-दर्शन मानव कल्याण के लिए है। उनके द्वारा प्रतिपादित जीवन-मूल्यों को आत्मसात कर हम अपने जीवन को सफल और साकार बना सकते हैं। उन्होंने कहा कि जब तक हमारे अंदर दया, धर्म और मानवता का विकास नहीं होगा। तब तक विश्व का कल्याण असंभव है। प्रत्येक जीव की आत्मा में परमात्मा का ही निवास है।
यह सत्य सबको स्वीकारना होगा। तभी मानव जीवन का उद्देश्य समझ में आ सकेगा। शिक्षक सुबीर चक्रवर्ती ने कहा कि जहां सत्य है, वहीं अहिंसा है। सत्य के अभाव में अहिंसा की परिकल्पना भी नहीं की जा सकती। हमारा कर्म ही धर्म और अधर्म को परिभाषित करता है। अतः हमें सद्कर्मों पर ध्यान देते हुए अपने मानव जीवन को उत्कृष्ट बनाने का सदा पर्यत्न करना चाहिए। तभी हमारा, हमारे समाज का और विश्व का कल्याण संभव है।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।