झारखंड में ठंड की विदाई, गर्मी के तेवर बढ़े, मौसम विभाग ने बताया कब होगी बारिश
- राजधानी समेत झारखंड के मौसम में बदलाव होने से पहले से गर्मी बढ़ गई है। जिलों के अधिकतम तापमान में तीन से चार डिग्री तक की वृद्धि हुई है, जिससे गर्मी का अहसास हो रहा है। सोमवार से आसमान में बादल छाने के साथ मौसम में बदलाव आने की संभावना है।

राजधानी समेत झारखंड के मौसम में बदलाव होने से पहले से गर्मी बढ़ गई है। जिलों के अधिकतम तापमान में तीन से चार डिग्री तक की वृद्धि हुई है, जिससे गर्मी का अहसास हो रहा है। सोमवार से आसमान में बादल छाने के साथ मौसम में बदलाव आने की संभावना है। मौसम विभाग के अनुसार, अगले आनेवाले पांच दिनों के दौरान आसमान में बादल छा सकते हैं। राज्य में 20 फरवरी को राजधानी समेत कुछ भागों पर बारिश होने की संभावना है। इस दौरान न्यूनतम तापमान में वृद्धि होगी।
बारिश की भी आशंका
मौसम वैज्ञानिकों के मुताबिक, राज्य में चार दिनों तक बादल छाए रहेंगे और बुधवार को राजधानी समेत राज्य के कुछ भागों में बारिश हो सकती है। इससे राज्य में न्यूनतम तापमान में दो से तीन डिग्री की वृद्धि होगी। अधिकतम तापमान में दो से तीन डिग्री तक की कमी आ सकती है। मौसम विभाग के अनुसार, राज्य में पिछले 24 घंटे के दौरान मौसम साफ रहा।
धूप कड़ी होने की वजह से राज्य के विभिन्न जिलों के अधिकतम अपने सामान्य से सात डिग्री अधिक हो गए हैं। सरायकेला खरसावां का अधिकतम तापमान 37.5 डिग्री तक पहुंच गया है। रांची के अधिकतम तापमान पिछले 24 घंटे के मुकाबले तीन डिग्री अधिक चढ़ आया। यहां का अधिकतम तापमान 30 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। अन्य शहरों के अधिकतम तापमान में दो से तीन डिग्री की वृद्धि हुई। इससे दिन और दोपहर के दौरान गर्मी का अहससा हुआ। जबकि, न्यूनतम तापमान 12.8 डिग्री दर्ज किया गया। दिन में अच्छी धूप खिली होने के कारण अन्य शहरों के तापमान में वृद्धि हुई। राज्य भर में सबसे कम न्यूनतम तापमान हजारीबाग का 9.1 डिग्री सेल्सियस रहा।
जिलों के तापमान
➤रांची 30.0
➤जमशेदपुर 34.6
➤मेदिनीनगर 34.2
➤बोकारो 34.1
➤देवघर 31.6
➤गोड्डा 30.9
➤सरायकेला 37.5
➤पूर्वी सिंहभूम 35.7
➤प.सिंहभूम 34.0