झारखंड में 3 दिन लगातार बारिश, 50KM की रफ्तार से चलेंगी हवाएं; ओले का ऑरेंज अलर्ट
- Jharkhand Mausam: झारखंड का मौसम बदलने वाला है। प्रदेश में पश्चिमी विक्षोभ के असर के कारण तीन दिन लगातार बारिश और तेज हवाएं चलेंगी। इस दौरान मौसम विभाग ने झारखंड में ओले गिरने का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है।

Jharkhand Mausam: रांची समेत राज्यभर में गुरुवार से 22 फरवरी तक गरज के साथ ओलावृष्टि और तेज हवा के साथ हल्की बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। इस दौरान हवा की रफ्तार 40 से 50 किमी प्रतिघंटे रह सकती है। इस दौरान दिन के तापमान में एक से तीन डिग्री तक की गिरावट आ सकती है। हालांकि रात के तापमान में बड़े बदलाव के आसार नहीं है।
मौसम विभाग के अनुसार, देश के उत्तरी भाग में पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से पश्चिम बंगाल से लेकर तेलंगाना तक एक निम्न दबाव क्षेत्र बन गया है। इसके प्रभाव से हवा के रुख में परिवर्तन आया है। इस वजह से ही झारखंड के मौसम में अगले तीन दिन बदलाव हो सकता है।
मौसम केंद्र के अनुसार, 20 और 21 फरवरी को सरायकेला, पूर्वी सिंहभूम, पश्चिमी सिंहभूम, सिमडेगा, खूंटी, रांची, रामगढ़ और बोकारो में ओलावृष्टि के साथ तेज हवा के साथ हल्की बारिश हो सकती है, वहीं 22 फरवरी को राज्य के 14 जिलों पूर्वी और पश्चिम सिंहभूम, सरायकेला, रांची, खूंटी, सिमडेगा, रामगढ़, बोकारो, गिरिडीह, धनबाद, देवघर, दुमका, जामताड़ा और लोहरदगा में ओलावृष्टि के साथ-साथ तूफानी हवा चलने के आसार हैं। इस दिन राज्य के सभी हिस्सों में बारिश की संभावना है।
इधर, रांची समेत राज्य के विभिन्न हिस्सों में विक्षोभ का असर बुधवार से ही दिखने लगा। कई इलाकों में सुबह से दोपहर तक आसमान में बादल मंडराते दिखे। मौसम में बदलाव की प्रक्रिया शुरू होने से न्यूनतम तापमान में वृद्धि दर्ज की गई। रांची का न्यूनतम तापमान बुधवार को 16.4 दर्ज किया गया। जबकि, राज्य में सबसे कम न्यूनतम तापमान 11.6 डिग्री गुमला का रहा।
मौसम विभाग के वैज्ञानिक अभिषेक आनंद ने बताया कि झारखंड के मौसम में पश्चिमी विक्षोभ के कारण बदलाव हो रहा है। अगले तीन दिनों के दौरान राज्य के गरज और तेज हवा के साथ ओलावृष्टि और कहीं-कहीं वज्रपात का ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। 20 से 22 फरवरी तक राज्य के विभिन्न हिस्सों में बारिश का पूर्वानुमान है। हालांकि 23 फरवरी तक आसमान में बादल छाए रह सकते हैं।