पहली बार इंजीनियरिंग कॉलेज में गैर अकादमिक शिक्षक होंगे बहाल
एनआईटी जमशेदपुर में पहली बार गैर अकादमिक शिक्षक बहाल किए जाएंगे। ये प्रोफेसर ऑफ प्रैक्टिस कहलाएंगे और उन्हें प्रोफेशनल अनुभव के आधार पर नियुक्त किया जाएगा। आवेदन 7 फरवरी तक मांगे गए हैं। इनकी नियुक्ति...

एनआईटी जमशेदपुर में पहली बार गैर अकादमिक शिक्षक बहाल किए जाएंगे। इसके लिए संस्थान की ओर से नियुक्ति प्रक्रिया शुरू कर दी है। यह शिक्षक प्रोफेसर ऑफ प्रैक्टिस कहलाएंगे। शैक्षणिक योग्यता के आधार पर इनकी नियुक्ति नहीं होगी, बल्कि प्रैक्टिकल अनुभव एवं विशेषज्ञता के आधार पर नियुक्त किया जाएगा। एनआईटी ने नियुक्ति की अधिसूचना जारी कर दी है। इंजीनियरिंग के सभी ब्रांच के लिए इन प्रोफेसर ऑफ प्रैक्टिस की नियुक्ति की जानी है। इसके लिए 7 फरवरी तक आवेदन मांगे गए हैं। इन्हें एक साल के लिए अस्थायी रूप से नियुक्त किया जाएगा। इसके बाद तीन साल के लिए एक्सटेंशन दिया जा सकेगा। इस दौरान प्रति माह 1.20 लाख का मानदेय मिलेगा। योग्यता के रूप में इनका किसी उद्यम में विशेषज्ञ के तौर पर 10 वर्ष का अनुभव होना अनिवार्य होगा। एनआईटी के कुलसचिव की ओर से अधिसूचना जारी कर आवेदन मांगे गए हैं।
प्रोफेशनल अनुभव वाले बनेंगे प्रोफेसर्स ऑफ प्रैक्टिस
प्रोफेसर्स ऑफ प्रैक्टिस वे लोग बनेंगे जो पेशे से शिक्षक नहीं है और न ही पीएचडी की है। सामान्य स्नातक वाले भी अगर अपने विशेष क्षेत्र में अनुभवी हैं तो वे प्रोफेसर ऑफ प्रैक्टिस बन सकते हैं। उनके प्रोफेशनल अनुभव के आधार पर उन्हें इंजीनियरिंग कॉलेज में नियुक्त किया जाएगा। ये उन विषयों को पढ़ाएंगे, जिसमें उनका प्रोफेशनल अनुभव है। यूजीसी की ओर से स्पष्ट दिशा-निर्देश जारी किया गया है। ज्ञात हो कि कौशल आधारित शिक्षा को बढावा देने के लिए यूजीसी ने विभिन्न उच्च शिक्षण संस्थानों को पेशेवर विशेषज्ञों को नियुक्त करने में सक्षम बनाने के लिए प्रोफेसर ऑफ प्रैक्टिस नामक नया पद बनाया है। दरअसल, राष्ट्रीय शिक्षा नीति की सिफारिशों में से एक उच्च शिक्षण संस्थानों में बहु-विषयक शिक्षा प्रदान करना भी है। इसके लिए शिक्षण-अधिगम प्रक्रिया में अनुभवी पेशेवरों, उद्योग विशेषज्ञों आदि की भागीदारी निर्धारित की गई है। इस पद के लिए अब उद्योग और अन्य व्यवसायों के अनुभवी लोग आवेदन कर सकते हैं।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।