गरीबों-किसानों के लिए तकनीक विकसित करें युवा इंजीनियर : रवींद्रनाथ महतो
एनआईटी जमशेदपुर में वार्षिक तकनीकी महोत्सव ओजस 25 का उद्घाटन हुआ। यह महोत्सव तकनीकी विद्यार्थियों को नवाचार और रचनात्मकता के प्रदर्शन का अवसर देगा। मुख्य अतिथि रवींद्रनाथ महतो ने कहा कि युवा देश के...

राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी संस्थान (एनआईटी) जमशेदपुर में गुरुवार को वार्षिक तकनीकी महोत्सव ओजस 25 का आगाज हुआ। यह महोत्सव देशभर के तकनीकी विद्यार्थियों को नवाचार, रचनात्मकता और तकनीकी कौशल के प्रदर्शन का मंच प्रदान करेगा। कार्यक्रम में झारखंड विधानसभा के अध्यक्ष रवींद्रनाथ महतो मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। उद्घाटन समारोह को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि आज के युवा देश के भविष्य हैं और तकनीकी क्षेत्र में उनकी भागीदारी भारत को वैश्विक स्तर पर सशक्त राष्ट्र के रूप में स्थापित कर सकती है। आज आर्थिक असमानता बढ़ गई है। एक प्रतिशत अमीरों के पास देश की कुल 58 प्रतिशत संपत्ति है। वहीं, 10 प्रतिशत अमीरों के पास देश की कुल 80 प्रतिशत की संपत्ति है। वहीं, 50 प्रतिशत गरीबों के पास देश की मात्र 3 प्रतिशत संपत्ति है। इस कारण आज युवा वैज्ञानिक भी उन्हीं 10 प्रतिशत अमीरों के लिए नए आविष्कार कर रहे हैं। आज जरूरत है वंचित वर्ग और गरीबों के लिए नई तकनीक से विकसित करने की। नौजवानों की जवाबदेही बनती है कि जो लोग पीछे छूट गए हैं, उनके लिए भी सोचें। किसानों को तकनीक से समृद्ध करें।
तकनीकी टीमों ने स्टॉल का अवलोकन किया
उद्घाटन समारोह संस्थान के टेक्नोलॉजी स्टूडेंट्स जिमखाना में आयोजित किया गया, जहां बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं, प्रोफेसर और अतिथियों की उपस्थिति रही। मुख्य अतिथि रवींद्र नाथ महतो का संस्थान के वरिष्ठ अधिकारियों ने गर्मजोशी से स्वागत किया। इसके बाद संस्थान के निदेशक प्रो. गौतम सूत्रधार ने कहा कि ओजस एक तकनीकी प्रतियोगिता नहीं, बल्कि नवाचार और रचनात्मकता का एक अद्भुत संगम है। संबोधन के बाद शास्त्रीय नृत्य प्रस्तुत किया गया, जिसे आयोजकों द्वारा विशेष रूप से तैयार कि या गया था। समारोह के अंतिम चरण में तकनीकी टीमों द्वारा विभिन्न स्टॉलों का अवलोकन किया गया। इस दौरान विभिन्न तकनीकी दलों ने अपने-अपने नवाचार और प्रोजेक्ट्स का प्रदर्शन किया।
ओजस पूर्वी भारत का दूसरा सबसे बड़ा प्रतिष्ठित टेक्नो-मैनेजमेंट फेस्टिवल
ओजस पूर्वी भारत का दूसरा सबसे बड़ा टेक्नो-मैनेजमेंट फेस्टिवल है। ओजस के लिए रजिस्ट्रेशन शुरू हो चुके हैं। यह आयोजन 14 से 16 फरवरी तक चलेगा, जिसमें 40 से अधिक तकनीकी, प्रबंधन और रचनात्मक प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी। इसमें प्रतिभागियों को इंडस्ट्री एक्सपर्ट्स द्वारा संचालित वर्कशॉप, सांस्कृतिक कार्यक्रम, प्रदर्शनी और मनोरंजन गतिविधियों का अनुभव मिलेगा।
11 लाख से अधिक के पुरस्कार दिए जाएंगे
ओजस 25 में कुल ₹11 लाख से अधिक की पुरस्कार राशि रखी गई है। सभी पंजीकृत प्रतिभागियों को ओजस मर्चेंडाइज टी-शर्ट और रजिस्ट्रेशन किट भी प्रदान की जाएगी। इसके अलावा प्रतियोगिता में भाग लेने वाले छात्रों को राष्ट्रीय स्तर पर मान्यता प्राप्त प्रमाण पत्र भी दिए जाएंगे।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।