को-ऑपरेटिव कॉलेज में बहुभाषी कवि सम्मेलन का आयोजन
जमशेदपुर को-ऑपरेटिव कॉलेज में अंतर्राष्ट्रीय मातृभाषा दिवस के अवसर पर बहुभाषी कवि सम्मेलन का आयोजन किया गया। प्राचार्य डॉ. अमर सिंह ने मातृभाषा के विकास की आवश्यकता पर जोर दिया। कार्यक्रम में हिंदी,...

जमशेदपुर को-ऑपरेटिव कॉलेज जमशेदपुर के हिंदी एवं अंग्रेजी विभाग के संयुक्त तत्वावधान में अंतर्राष्ट्रीय मातृभाषा दिवस के अवसर पर एक बहुभाषी कवि सम्मेलन का आयोजन शनिवार को किया गया। इस कार्यक्रम में बतौर मुख्य अतिथि प्राचार्य सह अध्यक्ष डॉ. अमर सिंह जबकि वक्ता के रूप में अंग्रेजी विभागाध्यक्ष डॉ. संजय यादव शामिल हुए। अतिथि कवियों में अहमद बद्र (सेवानिवृत्त सहायक प्राध्यापक) डॉ. वसुंधरा रॉय (करीम सिटी कॉलेज), डॉ. लता मानकर प्रियदर्शनी (प्राचार्य, एसएस अकादमी) एवं गणेश चंद्र मुर्मू (अध्यक्ष, आदिवासी साामाजिक-शैक्षणिक एवं सांस्कृतिक संघ, घाटशिला) मौजूद थे। प्राचार्य डॉ. अमर सिंह ने स्वागत संबोधन देते हुए कहा कि अंतर्राष्ट्रीय मातृभाषा दिवस के अवसर पर मातृभाषा के विकास पर कार्य करने और उसे रोजगार से जोड़ने की आवश्यकता है। डॉ. संजय यादव ने अपने वक्तव्य में मातृभाषा के महत्व पर प्रकाश डाला। कविता सत्र की शुरुआत डॉ. लता मानकर प्रियदर्शनी ने की। हिंदी कविता का प्रतिनिधित्व करते हुए उन्होंने सस्वर अपनी कविताएं सुनाई। अंग्रेजी कवि के रूप में डॉ. वसुंधरा राय ने अंग्रेजी को भारतीय भाषा बताते हुए इसके महत्व पर प्रकाश डाला और अपना कविता पाठ किया। गणेश चंद्र मुर्मू ने संथाली भाषा को सम्मान दिलाने की बात करते हुए कुछ स्वरचित संथाली लोकगीतों का गान किया। अंत में उर्दू कवि के रूप में अहमद बद्र ने उर्दू और हिंदी में किसी अंतर को नकारते हुए अपनी गजलें सुनाई। कार्यक्रम का संचालन डॉ. प्रियंका सिंह जबकि काव्य सत्र का संचालन संजय सोलोमन ने किया। डॉ. रुचिका तिवारी ने धन्यवाद ज्ञापन किया। कार्यक्रम में डॉ. नीता कुमारी, डॉ. अंतर कुमारी, डॉ. स्वाति सोरेन, डॉ. शालिनी शर्मा, डॉ. रवि शंकर, डॉ. अशोक कुमार रवानी के अतिरिक्त अन्य शिक्षक-शिक्षकेतर कर्मी एवं विद्यार्थी मौजूद थे।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।