सिदगोड़ा स्थित सूर्य मंदिर में होली के गीतों पर जमकर झूमीं महिलाएं
जमशेदपुर पूर्वी विधानसभा में अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस पर महिलाओं के सम्मान में भव्य होली मिलन समारोह का आयोजन किया गया। विधायक पूर्णिमा साहू की पहल पर हजारों महिलाओं ने हिस्सा लिया। समारोह में नृत्य,...

जमशेदपुर पूर्वी विधानसभा में अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस पर महिलाओं के सम्मान और एकजुटता को समर्पित भव्य होली मिलन समारोह का आयोजन किया गया। आयोजन क्षेत्र की महिलाओं को सशक्त मंच प्रदान करने और उनके बीच आपसी सौहार्द्र व सांस्कृतिक विरासत को बढ़ावा देने के उद्देश्य से आयोजित किया गया। सिदगोड़ा स्थित सूर्य मंदिर परिसर के शंख मैदान में जमशेदपुर पूर्वी विधानसभा की विधायक पूर्णिमा साहू की पहल पर आयोजित समारोह में हजारों महिलाओं ने भाग लिया। समारोह में पुष्प वर्षा कर विधायक पूर्णिमा साहू ने संपूर्ण नारी शक्ति को महिला दिवस और होली की शुभकामनाएं दी। इस दौरान महिलाओं ने अबीर-गुलाल लगाकर होली की खुशियां मनाईं। इस दौरान होली के गीतों पर महिलाओं ने जमकर नृत्य किया। विधायक पूर्णिमा साहू भी खुद को रोक नहीं पाईं और महिलाओं का नृत्य में साथ दिया। समारोह में होली के पारंपरिक लजीज व्यंजन का भी सभी ने भरपूर आनंद लिया। पूरे समारोह में होली और विभिन्न क्षेत्रीय गीतों पर महिलाएं झूमती नजर आईं।
विधायक ने सभी को अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस की शुभकामनाएं दी। उन्होंने कहा कि आज का दिन नारी शक्ति के गौरव, उनके संघर्ष, समर्पण और सफलता का उत्सव है। महिलाएं अब अंतरिक्ष तक पहुंच चुकी हैं, विज्ञान, शिक्षा, राजनीति, खेल और हर क्षेत्र में अपनी प्रतिभा का परचम लहरा रही हैं। नारी उत्थान के लिए हमें संगठित होना होगा, समाज को सशक्त बनाने के लिए नारी समिति जैसी पहल करनी होगी, जहां हम एक-दूसरे को सहयोग कर सकें। उन्होंने महिलाओं से अपने स्वास्थ्य का विशेष ध्यान रखने की अपील की। कहा कि एक स्वस्थ नारी ही स्वस्थ समाज की नींव रख सकती है। हम अपनी शिक्षा, अपने अधिकारों और अपने स्वास्थ्य के प्रति सजग रहें, तभी हम वास्तविक सशक्तिकरण की ओर बढ़ सकते हैं। उन्होंने समारोह में शामिल होने वाले सभी महिलाओं के प्रति आभार जताया।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।