आठवीं आर्थिक गणना में दिखेगी डिजिटल इंडिया की झलक
आठवीं आर्थिक गणना-2025-26 की तैयारी जिला स्तर पर शुरू हो गई है। इस बार गणना मोबाइल एप के माध्यम से की जाएगी। आंगनबाड़ी सेविकाओं और आशा कार्यकर्ताओं को प्रगणक के रूप में लगाया जाएगा। जिलास्तर पर छह...

आठवीं आर्थिक गणना-2025-26 जल्द शुरू होने वाली है। जिला स्तर पर इसकी तैयारी शुरू हो गई है। सांख्यिकी विभाग ने जिला प्रशासन से इस बात का ब्योरा मांगा है कि आर्थिक गणना में कुल कितने प्रगणक ब्लॉक बनेंगे। कितने प्रगणक और कितने सुपरवाइजर लगेंगे। पांच साल पर होने वाली आर्थिक गणना में इस बार प्रगणक के रूप में मुख्य रूप से आंगनबाड़ी सेविकाओं और आशा कार्यकर्ताओं को लगाया जाएगा। इन्हें गणना शुरू होने से पूर्व प्रशिक्षण दिया जाएगा। प्रशिक्षण का सीरीज चलेगा। तीन चरणों में प्रशिक्षण दिया जाएगा। सबसे पहले राज्यस्तरीय मास्टर ट्रेनर जिलास्तर के चार-चार मास्टर ट्रेनरों को प्रशिक्षित करेंगे। जिलास्तरीय मास्टर ट्रेनर हर प्रखंड व शहरी इकाइयों के दो-दो मास्टर ट्रेनर तैयार करेंगे। ये सभी ट्रेनर सहिया व आशा कार्यकर्ताओं को प्रशिक्षित करेंगे। इस प्रक्रिया में करीब दो माह का समय लगने की संभावना है।
मोबाइल एप से की जाएगी गणना
इस बार मोबाइल एप के माध्यम से आर्थिक गणना की जाएगी। ऐसा पहली बार हो रहा है। अबतक जो सात गणना हुई है, वह कागजी रही है। इस बार स्मार्टफोन के एप में बने फार्मेट में तैयार शिड्यूल में जानकारी भरी जाएगी। इससे प्रगणक और विभाग को सहूलियत होगी।
जिलास्तर पर बनेगी छह सदस्यीय कमेटी
आठवीं आर्थिक गणना कुशलतापूर्वक पूरा करने के लिए जिलास्तर पर छह सदस्यीय कमेटी का गठन होगा। इसके अध्यक्ष उपायुक्त, जबकि समन्वयक जिला सांख्यिकी पदाधिकारी होंगे। इसके सदस्यों में जिला योजना पदाधिकारी, जिला सूचना विज्ञान पदाधिकारी, जिला उद्योग केन्द्र के महाप्रबंधक और जिला तकनीकी प्रबंधक शामिल होंगे।
हर घर की आर्थिक गतिविधि का पता चलेगा
आर्थिक गणना का उद्देश्य हर परिवार की आर्थिक गतिविधि के बारे में पता करना रहेगा। इसमें यह पता किया जाएगा कि किसी परिवार की जीविका का साधन क्या है। नौकरी है, व्यवसाय है, कृषि है, मजदूरी है या फिर कुछ और है, यह जानकारी जुटाई जाएगी।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।