सदर विधायक ने एक देश एक चुनाव विषय पर जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन
हजारीबाग में सरस्वती विद्या मंदिर विद्यालय प्रांगण में समाजसेवी ज्ञान चंद प्रसाद के नेतृत्व में 'एक देश, एक चुनाव' पर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। विधायक प्रदीप प्रसाद ने इसे लोकतंत्र को सशक्त...

हजारीबाग, नगर प्रतिनिधि। शहर के मालवीय मार्ग स्थित सरस्वती विद्या मंदिर विद्यालय प्रांगण में समाजसेवी ज्ञान चंद प्रसाद के नेतृत्व में एक देश, एक चुनाव पर एक विशेष जन जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन हुआ। इस महत्वपूर्ण कार्यक्रम में बतौर मुख्य अतिथि हजारीबाग सदर विधायक प्रदीप प्रसाद शामिल हुए। कार्यक्रम का शुभारंभ पारंपरिक दीप प्रज्वलन से किया गया। जिसके पश्चात विद्यालय के मंत्रोच्चारण के कार्यक्रम को विधिवत प्रारंभ किया गया। मुख्य अतिथि प्रदीप प्रसाद को विद्यालय परिवार की ओर से अंगवस्त्र एवं हनुमान चालीसा की भेंट कर भावपूर्ण स्वागत किया गया। मुख्य अतिथि प्रदीप प्रसाद ने कहा कि एक देश, एक चुनाव केवल एक चुनावी सुधार नहीं, बल्कि भारतीय लोकतंत्र को अधिक सशक्त, संगठित और संसाधन-कुशल बनाने की दिशा में एक दूरदर्शी पहल है।
उन्होंने बताया कि अलग-अलग समय पर बार-बार चुनाव कराए जाने से न केवल आर्थिक व्यय बढ़ता है, बल्कि विकास कार्यों में भी बाधा आती है। उन्होंने यह भी कहा कि यदि पूरे देश में लोकसभा और विधानसभा के चुनाव एक साथ कराए जाएं तो इससे प्रशासनिक,आर्थिक और सामाजिक दृष्टिकोण से व्यापक लाभ मिलेगा और लोकतांत्रिक प्रक्रिया में आम जनता की भागीदारी और भी प्रभावी हो सकेगी। कार्यक्रम में उपस्थित गणमान्य व्यक्तियों ने भी अपने विचार रखे और एक देश, एक चुनाव के समर्थन में स्वर बुलंद किए। वक्ताओं ने इसे समय की आवश्यकता बताते हुए इसे राष्ट्रहित में एक महत्वपूर्ण कदम बताया। इस अवसर पर लायंस क्लब अध्यक्षा सुधा वर्मा,भाजपा जिला अध्यक्ष विवेकानंद सिंह, भाजपा जिला उपाध्यक्ष आनन्द देव, सुदेश चंद्रवंशी, महिला मोर्चा जिलाध्यक्ष मनोरमा राणा, जिला उपाध्यक्ष रेणुका साहू, महिला मोर्चा महामंत्री सत्यभामा, पूनम कसेरा, इंदु देवी, रानी कच्छप, हेमंती देवी, सोनी देवी, सोनी क्षेत्री, बबीता सहित अनेक वरिष्ठ समाजसेवियों ने भाग लिया।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।