खाते को आधार से लिंक कराने बैंकों में जुट रही महिलाओं की भारी भीड़
गिरिडीह में महिलाएं अपने बैंक खातों को आधार से लिंक कराने के लिए बैंकों में भारी भीड़ जमा कर रही हैं। झारखंड सरकार ने मंईयां सम्मान योजना के लाभार्थियों के लिए नियमों में बदलाव किया है। मार्च 2025 से...

गिरिडीह। खाते को आधार से लिंक कराने के लिए जिले के विभिन्न बैंकों की शाखाओं में महिलाओं की भारी भीड़ उमड़ रही है। मंईयां सम्मान योजना का लाभ लेने के लिए महिलाएं बैंकों का चक्कर लगा रही है। दरअसल, झारखंड में मुख्यमंत्री मंईयां सम्मान योजना के लाभार्थियों के लिए सरकार ने नियमावली में बदलाव किया है। मार्च 2025 के बाद इस योजना का लाभ उन्हीं लाभार्थियों को मिलेगा, जिनका आधार नंबर उनके सिंगल बैंक अकाउंट से लिंक्ड होगा। हालांकि मार्च महीने तक उन लाभार्थियों के खाते में भी इस योजना की राशि भेजी जाएगी, जिनका अकाउंट आधार से लिंक्ड नहीं है। इसी वजह से महिलाओं योजना का लाभ लेने के लिए अपने बैंक खातों को आधार नंबर से जोड़ने के लिए बड़ी संख्या में बैंकों में पहुंच रही है। बैंकों के बाहर सुबह से ही महिलाओं की लंबी कतारें लग जा रही है। बुधवार को भारतीय स्टेट बैंक (एसबीआई), बैंक ऑफ इंडिया, पंजाब नेशनल बैंक, यूको बैंक सहित जिले के सभी सरकारी और गैर-सरकारी बैंकों की शाखाओं में बड़ी संख्या में महिलाएं पहुंची हुई थी। बैंक के काउंटरों पर लंबी लंबी कतारें लगी हुई थी। बैंक अधिकारियों की मानें तो वे महिलाएं भी बैंक आ जा रही है, जिनके खाते पहले से आधार से लिंक हैं। इससे भीड़ और बढ़ जा रही है। अचानक बढ़ी इस भीड़ के कारण का असर बैंकों के रोजमर्रा के कामकाज पर पड़ रहा है। बैंक कर्मचारी भीड़ को संभालने में जुटे हैं। लेकिन बढ़ती संख्या के कारण व्यवस्था बनाए रखना चुनौतीपूर्ण हो रहा है।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।