माहे रमजान और होली पर जाम से कराह रहा पूरा शहर
शहर की मुश्किलें बढ़ा रही है ट्रैफिक समस्या गिरिडीह शहर की ट्रैफिक व्यवस्था दो बड़े त्योहार माहे रमजान और होली पर कराह रही है। सुबह 08 बजते ही अमूमन

गिरिडीह, प्रतिनिधि। गिरिडीह शहर की ट्रैफिक व्यवस्था दो बड़े त्योहार माहे रमजान और होली पर कराह रही है। सुबह 08 बजते ही अमूमन पूरा शहर ट्रैफिक जाम से कराहने लगता है। इससे शहर की मुश्किलें दिन-प्रतिदन बढ़ रही है। कुछ खास चौक-चौराहे और मुख्य पथ है, जिनमें ट्रैफिक पुलिस के सहारे व्यवस्था सुचारु रखने का काम जैसे-तैसे होता है, जबकि शहर के स्टेशन रोड, बस स्टैंड रोड, कचहरी रोड, कालीबाड़ी, भंडारीडीह और नेताजी चौक ऐसे चौक और रोड हैं, जिन्हें शहर का सबसे प्रमुख लाइफ लाइन माना जाता है। इनमें भी दिन में जाम लगता रहता है। सड़क निर्माण भी रोक रही शहरी रफ्तार: शहर की रफ्तार पर सड़क निर्माण कार्य ब्रेक लगा रहा है। चूंकि कल्याणडीह पचंबा से टावर चौक तक फोरलेन निर्माण का कार्य जारी है। यह कार्य दिन में होने से जाम को बढ़ावा मिल रहा है। 10 मिनट की जगह आधे से एक घंटा इस निर्माणधीन सड़क को पार करने में लग जाता है। ऊपर से शहर में चलनेवाली खासकर टोटो की संख्या इतनी बढ़ गई है कि अब निजी गाड़ियां कम और टोटो ज्यादा दिखाई पड़ती है। टोटो के अधिकतर चालक की उम्र कम होती है। जिसकी वजह से उन्हें सड़क पर चलने की समझ नहीं होती है। जिधर मन करता है उधर वह अपने वाहन को ले जाते हैं। इससे भी जाम लगता है।
टोटो और ऑटो को नहीं किसी का डर: बेहिसाब बाइक, टोटो, ऑटो सहित चार पहिया वाहनों ने शहर की यातायात व्यवस्था को ठेंगे पर रखा है, इन्हें न ट्रैफिक पुलिस का डर है और न आमजनों की परेशानी से कोई मतलब। ट्रैफिक नियमों को दरकिनार करते हुए शहर के चौक-चौराहों और मुख्य सड़कों पर बेहरतीब तरीके से वाहनों को जगह-जगह रोककर यात्री चढ़ाते उतारते हैं। इनकी मनमानी स्टेशन रोड, जेसी बोस रोड, गांधी चौक, तिरंगा चौक, बस स्टैंड रोड, टावर चौक, कचहरी रोड, अम्बेदकर चौक, न्यू बरगंडा, मकतपुर, भंडारीडीह, मोहनपुर, बोड़ो, बिशनुपर, पचंबा सहित अन्य मार्गों पर देखा जा सकता है। इस दौरान यातायात व्यवस्था के नाम पर तैनात ट्रैफिक पुलिस भी मजबूर नजर आती है।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।