संदेहास्पद स्थिति में विवाहिता की मौत, मायकेवालों ने लगाया हत्या का आरोप
गांडेय थाना क्षेत्र के धर्मपुर हड़माडीह गांव में एक विवाहिता हेमंती मरांडी की संदिग्ध स्थिति में मौत हो गई। उसके पति समीर टुडू को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। मृतका के पिता ने ससुराल पक्ष पर मानसिक...

गांडेय, प्रतिनिधि। गांडेय थाना क्षेत्र के गांडेय पंचायत के धर्मपुर हड़माडीह गांव में मंगलवार रात संदेहास्पद स्थिति में एक विवाहिता की मौत हो गई। मृतका हड़माडीह गांव निवासी समीर टुडू की 22 वर्षीय पत्नी हेमंती मरांडी है। घटना की सूचना मिलते ही मंगलवार रात गांडेय थाना प्रभारी आनंद प्रसाद सिंह दल - बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और शव को अपने कब्जे में लेकर बुधवार सुबह पोस्टमार्टम के लिए गिरिडीह भेज दिया। पुलिस ने मृतका के पिता पीरटांड़ थाना क्षेत्र निवासी लगन मरांडी के लिखित आवेदन के आधार पर मृतका के पति, सास, ससुर पर 17/25 के तहत मामला दर्ज किया है। पुलिस ने मृतका के पति 31 वर्षीय समीर टुडू को न्यायिक हिरासत में बुधवार को गिरिडीह जेल भेज दिया। इधर, घटना की सूचना मिलने पर मृतका के मायके पक्ष के लोग भी मंगलवार रात को धर्मपुर गांव पहुंचे थे। हेमंती मरांडी के शव को देखकर मायके पक्ष के लोग विलाप करने लगे। मृतका के पिता लगन मरांडी के लिखित आवेदन के अनुसार समीर और हेमंती की शादी बीते वर्ष 2022 में हुई थी। शादी के बाद ससुराल पक्ष के लोग उसे हमेशा प्रताड़ित करने लगे। मंगलवार रात को उन्हें सूचना मिली कि बेटी की मौत हो गई। धर्मपुर हड़माडीह गांव पहुंचने पर उन्होंने देखा कि बेटी का शव घर में पड़ा हुआ है। मृतका के पिता ने ससुराल पक्ष पर बेटी को हमेशा मानसिक प्रताड़ना करने और जहर खिलाकर हत्या करने का आरोप लगाया है। इस विषय में गांडेय थाना प्रभारी ने कहा कि मृतका के पिता के लिखित आवेदन के आधार पर मृतका के पति, सास और ससुर पर मामला दर्ज किया गया है। पति को जेल भेज दिया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।