Sendera Festival Celebrated by Santhal Tribes Community Unity and Wildlife Conservation Highlighted पुलिस व वन विभाग की निगरानी में मना सेंदरा पर्व, Gridih Hindi News - Hindustan
Hindi NewsJharkhand NewsGridih NewsSendera Festival Celebrated by Santhal Tribes Community Unity and Wildlife Conservation Highlighted

पुलिस व वन विभाग की निगरानी में मना सेंदरा पर्व

संताल आदिवासियों का पारंपरिक त्योहार सेंदरा पर्व पारसनाथ में पुलिस और वन विभाग की निगरानी में मनाया गया। आदिवासियों ने पहाड़ों और जंगलों में शिकार खेलते हुए सामुदायिक एकता का प्रदर्शन किया। वन...

Newswrap हिन्दुस्तान, गिरडीहWed, 14 May 2025 03:37 AM
share Share
Follow Us on
पुलिस व वन विभाग की निगरानी में मना सेंदरा पर्व

पीरटांड़, प्रतिनिधि। वीरता, प्रकृति प्रेम तथा सामुदायिक एकता का प्रतीक संताल आदिवासियों का पारम्परिक त्योहार सेंदरा पर्व पारसनाथ में पुलिस व वन विभाग की निगरानी में मनाया गया। मंगलवार को क्षेत्र के आदिवासियों ने पारसनाथ पहाड़ पर शिकार खेलने की परंपरा निभाई। सेंदरा पर्व को लेकर आसपास इलाके से भारी संख्या में आदिवासी पहाड़ व जंगलों को खंगालने निकले। हालांकि जंगली पशु के संरक्षण के लिए वन कर्मी भी दिनभर मुस्तैद रहे। बताया जाता है कि सेंदरा पर्व आदिवासियों का पारंपरिक त्योहार है। बैशाख पूर्णिमा के दिन पारंपरिक रीति रिवाज के अनुसार क्षेत्र के आदिवासी पहाड़ व जंगलों में शिकार खेलते हैं।

पहाड़ में शिकार के अलावा सामुदायिक एकता का भी प्रदर्शन करते हैं। सेंदरा पर्व को लेकर विभिन्न जत्था में पहाड़ की विभिन्न दिशाओं से क्षेत्र के आदिवासी पहाड़ गए थे। क्षेत्र के आदिवासी पारंपरिक तीर धनुष, कुल्हाड़ी, फरसा, गुलेल व अन्य हथियार लेकर सेंदरा के लिए गए थे। इधर, वन्य प्राणी आश्रयणी पारसनाथ में जंगली पशु पक्षियों के संरक्षण तथा अहिंसा की भूमि पारसनाथ में जीव जंतुओं की क्षति न हो इसका भी पूरा ख्याल रखा गया। वन विभाग के कर्मचारियों के अलावा गिरिडीह पुलिस भी दिनभर मुस्तैद रही। वन विभाग के कर्मी ने पहाड़ पर घूम घूमकर जंगली जीव जंतुओं को बचाने अथवा संरक्षण की अपील की। विभाग द्वारा सेंदरा में गए लोगों को जंगल में जीव जन्तुओ का महत्व बताते हुए जंगली पशु पक्षियों के संरक्षण को लेकर जागरूक किया गया। जंगल व पहाड़ में महज सेंदरा पर्व की परंपरा निभाई गई। सेंदरा से वापस आने के बाद घर की महिलाओं द्वारा विशेष स्वागत किया गया। सामूहिक रूप से चर्चा-परिचर्चा के बाद अतिथियों का सत्कार भी किया गया। इस दौरान सामुदायिक एकता के साथ साथ सामाजिक कुरीतियों को दूर करने पर विचार विमर्श किया गया । सेंदरा पर्व को देखते हुए वन कर्मी के अलावा अनुमण्डल पुलिस पदाधिकारी सुमित प्रसाद दलबल के साथ पारसनाथ क्षेत्र का जायजा लेते रहे।

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।