गिरिडीह में धूमधाम से मनाया गया अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस
गिरिडीह में अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस धूमधाम से मनाया गया। स्कूलों में सेमिनार, संगोष्ठी और प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं। विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट नारी शक्ति को सम्मानित किया गया। सलूजा गोल्ड...

गिरिडीह। गिरिडीह में अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस शनिवार को धूमधाम से मनाया गया। स्कूल-कॉलेजों में सेमिनार, संगोष्ठी व प्रतियोगिता आयेाजित हुई। विभिन्न क्षेत्रों में बेहतर करनेवाली नारी शक्ति को सम्मानित कर उनका हौसला बढ़ाया गया। श्री आर के महिला कॉलेज में महिला दिवस पर सेमिनार का आयोजन किया गया। यहां अतिथि डॉक्टर शीला वर्मा, प्राचार्य डॉ मधुश्री सेन सान्याल, झामुमो नेत्री प्रमिला मेहरा आदि ने दीप प्रज्जवलित करके कार्यक्रम की शुरुआत की। अतिथि शीला वर्मा, प्राचार्य सान्याल समेत अन्य अतिथियों व प्रोफेसरों महिला दिवस पर सेमिनार में अपने विचार रखें। मंच संचालन प्रो रेणुका कर रही थी। मौके पर प्रो सुनील कुमार, प्रो केएन शर्मा, डॉ आशीष रंजन, पूनम प्रभा मुंडू समेत सभी शिक्षक, शिक्षकेत्तर कर्मचारी व कई छात्राएं मौजूद थी।
माई भारत पोर्टल के साथ मिल मनाया महिला दिवस
गिरिडीह कॉलेज में राष्ट्रीय सेवा योजना इकाई 1 के द्वारा अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस 2025 का आयोजन माई भारत पोर्टल के साथ मिलकर मनाया गया। जिसमें दिल्ली, हरियाणा, गुजरात, राजस्थान, बिहार, केरल के विद्यार्थियों के साथ झारखंड के विभिन्न शहरों के 36 विद्यार्थियों ने माय भारत पोर्टल के माध्यम से कार्यक्रम में भाग लिया। कार्यक्रम कि अध्यक्षता प्राचार्य डॉ अनुज कुमार ने की। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि बेंगाबाद की सीओ प्रियंका प्रियदर्शी, विशिष्ट अतिथि मुफस्सिल थाना कि सब इंस्पेक्टर नीलमा कुमारी, एनएसएस 1 के प्रोग्राम ऑफिसर प्रो धर्मेंद्र कुमार वर्मा, गिरिडीह कॉलेज के प्रो रजनी कुमारी, प्रो सरिता कुमारी, प्रो आर आर खलको, प्रो श्वेता कुमारी, प्रो सुशील चन्द्र, उषा देवी आदि शामिल थे।
नारी सिर्फ एक शब्द नहीं, संपूर्ण सृष्टि का आधार है: रमनप्रीत कौर
बनहत्ती स्थित सलूजा गोल्ड इंटरनेशनल स्कूल में शनिवार को अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस धूमधाम से मनाया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि उपायुक्त गिरिडीह की पत्नी निशा और न्यायाधीश वेदांश प्रकाश की पत्नी सारिका कुमारी रही। कार्यक्रम की शुरुआत उक्त अतिथियों के अलावा निदेशक रमनप्रीत कौर, विद्यालय की प्राचार्य ममता शर्मा, उप प्राचार्य सूरज कुमार लाला, सीनियर एडमिनिस्ट्रेटर रूपा मुद्रा ने दीप प्रज्जवलित करके किया। मौके पर निदेशक रमनप्रीत कौर ने कहा कि नारी केवल एक शब्द नहीं, बल्कि संपूर्ण सृष्टि का आधार है। वह जीवनदायिनी है, प्रेम की मूर्ति और रिश्ते संवारने वाली शक्ति है। विद्यालय के प्रबंध निदेशक जोरावर सिंह सलूजा ने अपने संबोधन में महिलाओं के अधिकार, लैंगिक समानता और उनके सशक्तिकरण के प्रति जागरुकता फैलाने पर जोर दिया। इस अवसर स्कूल के मल्टीपर्पज सभागार में मदर्स के लिए कुकिंग और बेस्ट आउट ऑफ़ वेस्ट जैसे प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। फायरलेस कुकिंग प्रतियोगिता में रिप्सी जैन प्रथम, नेहा गुप्ता एवं हरमीत कौर द्वितीय और खुशबू विश्वकर्मा तृतीय स्थान पर रही। वही बेस्ट आउट ऑफ़ वेस्ट प्रतियोगिता में प्रथम स्थान रूबी सिंह को मिला। शेष प्रतिभागियों को प्रशंसा पत्र से सम्मानित किया गया।
साइंस वर्ल्ड में सेमिनार का आयोजन
नेहरू युवा केन्द्र गिरिडीह के सहयोग से ज्वाला युवा क्लब के बैनर तले बरगंडा स्थित साइंस वर्ल्ड में महिला दिवस पर सेमिनार का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में विभावि के सिंडिकेट सदस्य रंजीत कुमार राय, अधिवक्ता नित्यानंद प्रसाद, जयशंकर अग्रवाल आदि ने महिला सशक्तिकरण पर अपने विचार रखें। दहेज प्रथा, अशिक्षा, यौन हिंसा, असमानता, भ्रूण हत्या, महिलाओं के प्रति घरेलू हिंसा आदि विषयों पर कार्यक्रम में विचार रखे गए। मौके पर अजय कुमार, हाफिज अंसारी, राजीव रंजन, पप्पू वर्मा आदि उपस्थित थे।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।