सीएम से मिलने जा रहे किसानों को मांगों को पूरा करने का मिला आश्वासन
गिरिडीह में किसान जनता पार्टी के सदस्यों ने रजिस्टर टू की सत्यापित प्रति की मांग को लेकर मुख्यमंत्री से वार्ता करने का प्रयास किया। पुलिस ने उन्हें रोका, लेकिन प्रशासन ने आश्वासन दिया कि उनकी मांगें...

गिरिडीह। झारखंड उच्च न्यायालय एवं अपर समाहर्ता गिरिडीह के आदेश के बाद भी गिरिडीह, गांडेय, तिसरी सहित जिले के अन्य कुछ अंचल अधिकारी रजिस्टर टू की सत्यापित प्रति नहीं दे रहे हैं। इस मांग और दूसरे सवालों का जवाब मुख्यमंत्री से मांगने के लिए मंगलवार को किसान जनता पार्टी के कई सदस्य कॉलेज मोड़ स्थित कार्यालय से मुख्यमंत्री के कार्यक्रम स्थल झंडा मैदान के लिए प्रस्थान कर रहे थे, लेकिन पुलिस और प्रशासन के लोगों ने उन सबको रोक लिया। पदाधिकारियों ने किसानों को आश्वस्त करते हुए कहा कि किसानों की मांग पूरा करने के लिए बुधवार को संबंधित अधिकारी से वार्ता करायी जाएगी। इसके बाद किसान जनता पार्टी ने प्रशासनिक अधिकारियों के आश्वासन पर मुख्यमंत्री का घेराव करने का कार्यक्रम स्थगित कर दिया। इसके बाद किजपा ने गिरिडीह अंचल कार्यालय में बैठक की। जिसमें केंद्रीय कमेटी अध्यक्ष अवधेश कुमार सिंह ने कहा कि प्रशासन के अधिकारियों ने किसानों का न्याय दिलाने का भरोसा दिया है। अगर प्रशासन के लोग अपने वादे से मुकरेंगे तो अब करो या मरो की तर्ज पर आर पार की लड़ाई होगी। संयोजक दासो मुर्मू ने कहा कि तिसरी अंचल के 32 मौजा के किसानों ने एक साल पहले तिसरी अंचल में रजिस्टर टू की सत्यापित प्रति के लिए आवेदन करके रुपया जमा किया है पर हेमंत सरकार के अधिकारी आज तक हम आदिवासी मूलवासी किसानों को रजिस्टर टू की सत्यापित प्रति नहीं दे रहे है। मौके पर किजपा के विजय कुमार, सुकुल नारायण देव, महिला नेत्री अन्ना मुर्मू, नीलम कुमारी, सरिता देवी, एलिजाबेद मुर्मू, छात्रधारी सिंह, भागीरथ राय, घनश्याम पंडित, धनेश्वर महतो, सरजू हंसदा, सबीना हेंब्रम, संतोष बास्के, मुकेश राय, मालती देवी, कुदरत अली सहित कई लोग थे।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।